झज्जर | हरियाणा के बहादुरगढ़ से होकर गुजरने वाले दिल्ली- कटरा एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. प्रदेश सरकार और नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की ओर से योजना के तहत हरियाणा सीमा में 12 आधुनिक रेस्ट एरिया विकसित किए जाएंगे. जल्द ही, निर्माण प्रक्रिया शुरू होगी. अगले साल मार्च महीने तक इस काम को पूरा कर लिया जाएगा.
सफर करने वालों को मिलेगी सुविधा
दिल्ली- कटरा एक्सप्रेसवे का 135 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरता है. इस सड़क मार्ग पर 2024 में वाहनों का आवागमन शुरू हो चुका है. अब इस एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों को राहत पहुंचाने के लिए रेस्ट एरिया विकसित किए जा रहे हैं. NHAI की ओर से जसौर खेड़ी से 34 किलोमीटर तक कटरा एक्सप्रेसवे के इस प्रोजेक्ट पर 1,866 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
KMP एक्सप्रेसवे और दिल्ली- कटरा एक्सप्रेसवे पर निलौठी के पास जीरो प्वॉइंट पर इंटरचेंज निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है. डबल ट्रम्पेट इंटरचेंज का काम अभी अधूरा पड़ा है और इसके लगभग अभी 2 महीने का समय और लगने की संभावना है. वहीं, कटरा एक्सप्रेस-वे के बजाय सीधा सफर करने वाले वाहनों के लिए KMP एक्सप्रेस-वे पर फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है.
40 हजार करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट
दिल्ली- कटरा एक्सप्रेस-वे की कुल लंबाई लगभग 650 किलोमीटर पड़ती है. इस एक्सप्रेसवे पर हरियाणा में 8 और पंजाब में 13 टोल प्लाजा स्थापित किए गए हैं. 40 हजार करोड़ के इस प्रोजेक्ट को दो चरणों के 18 पैकेजों में तैयार किया जा रहा है. हरियाणा में यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुका है और इस पर सफर करने वाले वाहनों से टोल वसूली भी शुरू हो चुकी है. इस एक्सप्रेसवे के पूरे हिस्से का निर्माण कार्य अप्रैल 2026 तक पूरा होने की संभावना जताई जा रही है.
