झज्जर | जिले में रविवार को हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान का भव्य आगाज हुआ. जिला प्रशासन की ओर से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा तैयार की गई ‘देश के नाम संदेश’ थीम आधारित प्रचार वैन को डीसी वर्षा खांगवाल ने लघु सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. डीसी वर्षा खांगवाल ने खुद प्रचार वैन पर ‘देश के नाम संदेश’ लिखकर अभियान की शुरुआत की. इसके बाद लघु सचिवालय परिसर में हर घर तिरंगा और वंदे मातरम थीम पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट का रिबन काटकर शुभारंभ किया गया.

कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक भी मौजूद रहे. पूर्व सैनिकों ने देशभक्ति से जुड़े अपने संदेश साझा किए और आमजन से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़- चढ़कर भाग लेने की अपील की.
झज्जर में चलेगा अभियान
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा और वंदे मातरम अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी का महाअभियान है. 9 से 17 अगस्त तक जिले में विभिन्न गतिविधियों के जरिए राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि झज्जर हरियाणा का एकमात्र जिला है, जहां हर घर तिरंगा अभियान के तहत ‘देश के नाम संदेश’ थीम पर प्रचार वाहन तैयार किया गया है. यह वैन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करेगी.
सम्मान से फहराएं तिरंगा
डीसी ने जिलावासियों से अपील की कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यालय और प्रतिष्ठान पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करे. उन्होंने कहा कि जागरूकता वैन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करेगी. डीसी ने कहा कि गांव हो या शहर, अधिक से अधिक परिवार इस अभियान से जुड़ें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं.