झज्जर | खेल मैदान से हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में दुबई में आयोजित U- 19 ICC वर्ल्ड कप में खेले गए भारत और पाकिस्तान के दिल थमा देने वाले क्रिकेट मैच में झज्जर जिले के गांव कुलाना निवासी कनिष्ठ चौहान ने दमदार प्रदर्शन से महफिल लूटी. इस मुकाबले में उन्होंने दमदार प्रदर्शन करते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता.
दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन
भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए इस हाईवोल्टेज मुकाबले में कनिष्क ने दबाव भरे हालात में पहले बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. उन्होंने अपने खेल से न केवल टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया बल्कि धमाकेदार जीत के साथ करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को सेलिब्रेट करने का अवसर दिया.
कनिष्क चौहान ने इस मैच में बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों पर 4 चौकों व 1 छक्के की मदद से 35 रन की शानदार पारी खेली. फिर गेंदबाजी में अपने 10 ओवर के स्पेल में एक ओवर मैडन डालते हुए 30 रन देकर एक विकेट हासिल किया. इसी हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत उन्हें मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया.
परिवार में छाई खुशियां
कनिष्क के शानदार प्रदर्शन पर घर और गांव में खुशियां छाई हुई है. उनके पिता और माता ने बेटे की सफलता पर गर्व महसूस करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ बेटे ने खेल में भी पूरी शिद्दत और मेहनत से काम किया है. जिसका परिणाम आज सबके सामने है. भविष्य में हम उसे भारतीय क्रिकेट टीम में खेलते हुए देखना चाहते हैं.
कनिष्क के प्रदर्शन पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. ग्रामीणों ने कहा कि कनिष्क अपने प्रदर्शन की बदौलत युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बन गया है. उनकी सफलता साबित करती है कि सच्ची मेहनत और लगन से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है. कड़ी मेहनत ही सफलता की कुंजी है.
