झज्जर | हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र से झज्जर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. इसका फायदा सिर्फ झज्जर ही नहीं बल्कि गुरुग्राम तक मिलेगा. दोनों जिलों के बीच आवागमन करने वाले लोगों को एक बेहतर सड़क मार्ग की सुविधा मिलेगी जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगी.
सिक्स लेन सड़क का मिला तोहफा
गुरुग्राम- पटौदी रोड पर हरसरू बाईपास से वजीरपुर होते हुए झज्जर तक सिक्स लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा. सीएम नायब सैनी ने अपने बजट भाषण में इसकी घोषणा की है. वर्तमान में यह सड़क बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी है और यहां आए दिन सड़क दुघर्टना होने का अंदेशा बना रहता है. यह सड़क जर्जर हालत में ही नहीं बल्कि इसकी चौड़ाई भी बहुत कम है. लंबे समय से इस सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की मांग उठाई जा रही है.
अब इस प्रोजेक्ट को बजट में शामिल किया गया है जिससे लोगों को जल्द ही अच्छी सड़क की सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है. लोगों का कहना है कि इस सड़क की चौड़ाई बढ़ने से वाहन चालकों को काफी सुविधा होगी. साथ ही, यहां नए सेक्टर विकसित होंगे जिसका सीधा फायदा स्थानीय किसानों को भी मिलेगा.
झज्जर जिले को होंगे अनगिनत फायदे
प्रदेश सरकार की योजना के मुताबिक, वजीरपुर से फरुखनगर तक सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, जो गढ़ी हरसरू बाईपास को झज्जर से जोड़ेगी. इस सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ने पर इलाके में नए प्रोजेक्ट्स दस्तक देंगे जिससे जमीन की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज होगी.
इस सड़क मार्ग के सिक्स लेन बनने से न केवल ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी बल्कि सड़क हादसों पर भी अंकुश लगेगा. सड़क मार्ग के चौड़ीकरण का स्थानीय लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा. नए उद्योग- धंधे स्थापित होंगे जिससे हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
