झज्जर | हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है. इसी कड़ी में राज्य सरकार ने झज्जर जिले को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी है. बता दें कि मुख्यमंत्री ने झज्जर के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से प्रदेश में करीब 100 करोड़ रूपए की परियोजनाओं शुभारंभ किया, जिनमें करीब 10 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाएं झज्जर जिले को मिली है. इसमें बहादुरगढ़ के निर्दलीय विधायक राजेश जून, स्थानीय भाजपा नेता और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.

CT स्कैन और ब्लड बैंक की सुविधा
MLA राजेश जून ने कहा कि हरियाणा सरकार जनता के हित में लगातार विकास कार्य कर रही है. इस पहल के अनुसार बहादुरगढ़ के उपमंडल नागरिक अस्पताल में आधुनिक CT स्कैन सेवा और ब्लड बैंक का शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम जनता को उनके क्षेत्र में ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर जांच और उपचार के लिए शहरों पर निर्भरता कम हो सके. नई CT स्कैन सुविधा शुरू होने से मरीजों को समय पर जांच उपलब्ध होगी और ब्लड बैंक से इमरजेंसी के टाइम पर रक्त की सुविधा मिल सकेगी.
MLA ने कहा कि भाजपा सरकार के बढ़ते कदम राज्य को लगातार उन्नति की ओर ले जा रहे है और इन परियोजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का प्रथम उद्देश्य है. सरकार राज्य में “स्वस्थ हरियाणा – समृद्ध हरियाणा” अभियान के तहत स्वास्थ्य ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है. इसी कड़ी में बहादुरगढ़ सहित कई स्वास्थ्य संस्थाओं में नई सुविधाओं का विस्तार किया गया है.
आरोग्य मंदिर की सौगात मिली
DC वर्षा खनंगवाल ने कहा कि झज्जर जिले को जोनेट मशीन और डाबौदा खुर्द में आरोग्य मंदिर मिलना बड़ी गर्व की बात है. आरोग्य मंदिर की स्थापना से प्राथमिक सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा और नियमित स्वास्थ्य जांच, परामर्श जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी. इसके साथ ही, DC ने कहा कि आगामी दिनों में मुख्यमंत्री की इन परियोजनाओं का पॉजिटीव परिणाम देखने को मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होगी.