झज्जर | विदेशी सरजमीं से हरियाणा प्रदेश को गौरवमई करने वाली खबर सामने आई है. यहां झज्जर जिले के गांव धांधलान के मूल निवासी एवं वर्तमान में बहादुरगढ़ के सेक्टर- 6 निवासी लंदन में काउंसलर रोहित अहलावत ने इंटरनेशनल स्तर पर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने ऐसी उपलब्धि हासिल की है जिससे न केवल उनका नाम गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो गया है बल्कि उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है.

लंदन मैराथन में रचा इतिहास
रोहित अहलावत ने विश्व प्रसिद्ध लंदन मैराथन में हिस्सा लिया. इस मैराथन में इतिहास रचते हुए पहली बार 59,830 धावकों ने रेस पूरी कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया. इस मैराथन में कुल 60,512 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. रोहित अहलावत ने भी इस कठिन दौड़ को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए हरियाणा का नाम विदेशी सरजमीं पर रोशन किया है.
विशेष बात यह रही कि रोहित अहलावत ने मात्र 6 सप्ताह के भीतर तीन बड़ी रेस प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अस्पताल के लिए 10 हजार पाउंड की धनराशि भी जुटाने में सफलता हासिल की है. उनके इस सामाजिक योगदान को चौतरफा प्रशंसा मिल रही है.
उपलब्धि पर जताई खुशी
रोहित अहलावत की इस उपलब्धि पर सिर्फ परिवार और दोस्त ही नहीं बल्कि पूरे बहादुरगढ़ सहित झज्जर जिले के लोग खुशी के साथ गर्व महसूस कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि सामाजिक कार्यों में रोहित सिर्फ विदेश ही नहीं बल्कि क्षेत्र में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता है. जरूरतमंद परिवारों के लिए रोहित और उसकी टीम हर वक्त तैयार रहती है. ब्लड कैंप आयोजन से लेकर ग़रीब परिवारों की आर्थिक मदद और उनके बच्चों की शादी में हरसंभव मदद करना रोहित अहलावत के सामाजिक कार्यों में शामिल हैं.