झींगा मछली पालन ने झज्जर के किसान संजय को दिलाई नई पहचान, आज लाखों में पहुंची कमाई

झज्जर | हरियाणा सरकार की प्रोत्साहन नीति की बदौलत आज सूबे के किसान परम्परागत खेती का मोह त्याग कर बागवानी और ऑर्गेनिक खेती के साथ- साथ पशुपालन और मत्स्य पालन व्यवसाय में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहे हैं. ऐसा ही एक उदाहरण झज्जर के गांव पाटौदा निवासी मात्र 7वीं कक्षा तक पढ़े संजय उर्फ सुदामा ने पेश किया है. उन्होंने साबित कर दिया है कि सफलता हासिल करने के लिए उच्च शिक्षा नहीं बल्कि नेक इरादे और उचित मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है.

Lobster Jhinga Machli Fish

कई राज्यों तक डिमांड

किसान संजय ने बताया कि लगभग दस साल पहले एक एकड़ जमीन पर झींगा मछली पालन व्यवसाय शुरू किया था और आज यह कारवां ढाई एकड़ तक पहुंच चुका है. इसके लिए वह विशाखापट्टनम, चेन्नई और पुडुचेरी से बीज मंगवाते हैं. इस खारे पानी के झींगा सीड को विशेष रूप से तैयार किया जाता है. उनके यहां तैयार हो रही झींगा मछली की दिल्ली, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा और केरल सहित कई अन्य राज्यों में भारी डिमांड रहती है.

उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों से व्यापारी उनके फॉर्म पर आकर झींगा मछली की खरीदारी करते हैं. इससे उन्हें बाजार तक भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ती है. गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति के कारण उनके उत्पाद विशेष पहचान स्थापित कर चुके हैं. 1 एकड़ के लिए लगभग 1 लाख रुपए का बीज आता है और ढाई एकड़ जमीन पर मछली पालन से वह 50 लाख रुपए तक कमाई कर रहा है.

सरकार देती है सब्सिडी

संजय ने बताया कि जिला मत्स्य विभाग की ओर से मछलियों के परिवहन के लिए एक छोटा टैंपो वाहन उपलब्ध कराया गया है. झींगा पालन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए उन्हें करीब 8 लाख रुपए की सब्सिडी भी दी गई है. उन्होंने बताया कि साल 2016 में हिसार से झींगा पालन की ट्रैनिंग हासिल की थी. इसके बाद, उन्होंने जोखिम उठाते हुए करीब 5 लाख रुपए इन्वेस्ट कर एक तालाब में झींगा मछली पालन शुरू किया. पहले काफी चुनौतीपूर्ण रहा लेकिन तकनीकी जानकारी और लगातार प्रयास के बलबूते उन्होंने उत्पादन को बढ़ाया और आज ढाई एकड़ जमीन पर मछली पालन कर रहे हैं.

इन बातों पर देना पड़ता है ध्यान 

उन्होंने बताया कि साल में दो बार, पहले मार्च महीने में तालाब में बीज डाला जाता है और अप्रैल में झींगा तैयार हो जाती है. इसके बाद, दूसरा उत्पादन जुलाई से नवंबर तक लिया जाता है. एक कल्चर के दौरान करीब 7 टन झींगा मछली का उत्पादन हो जाता है. इसमें मेहनत और सही देखभाल की बहुत जरूरत होती है. पानी की गुणवत्ता, आहार और समय- समय पर जांच बेहद जरूरी है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.