झज्जर | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में झज्जर रोडवेज (Jhajjar Roadways) डिपो को 30 नई बसें अलॉट हुई है और इनमें से 20 बसें रोडवेज बेड़े में शामिल हो चुकी है. बाकी बसें भी प्रकिया पूरी होने पर पहुंच जाएगी. आरटीए विभाग की ओर से बसों को परमिट जारी करने के बाद इनका सुचारू रूप से संचालन कर दिया जाएगा.
बेहतर होगी परिवहन सेवाएं
झज्जर बस स्टैंड से इन 30 नई बसों को अलग- अलग रूटों पर संचालित किया जाएगा. इसके लिए विभाग तैयारियों में जुट गया है. आरटीए द्वारा इनका परमिट जारी किए जाने पर इन बसों के रूट निर्धारित किए जाएंगे. अगले सप्ताह से आरटीए विभाग द्वारा इन नई बसों की जांच की जाएगी. रोडवेज बेड़े में शामिल होने वाली इन नई बसों को विभिन्न रूटों पर संचालित किया जाएगा. इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और उन्हें बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत होने से यात्रियों का सफर आसान हो जाएगा.
जल्द निर्धारित होंगे रूट
झज्जर रोडवेज विभाग के यातायात प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि झज्जर डिपो से वर्तमान में विभिन्न रूटों पर 130 बसें संचालित हो रही है. अब मुख्यालय से 30 और नई बसों की सौगात मिली है. इन सभी बसों को सामान्य बस स्टैंड झज्जर से अलग- अलग रूटों पर संचालित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि नई बसों को लंबे रूट्स पर संचालित किया जाएगा ताकि लोगों की आवाजाही आसान हो सकें.
