जींद से दिल्ली नए रूट से होकर गुजरेगी रोडवेज बस, यात्रियों को किराया व समय दोनों की होगी बचत

जींद | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में जींद से दिल्ली के लिए नया रूट वाया गोहाना, सोनीपत होकर रोडवेज बस के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है. इस रूट से सफर करने पर न केवल किराया कम देना होगा, बल्कि समय की भी बचत होगी.

Haryana Roadways

समय और किराया दोनों की बचत

जींद बस स्टैंड से यह बस सुबह 06.40 बजे रवाना होगी. दूसरी बस सुबह 08.40 बजे पहले से ही दिल्ली रूट पर चल रही है. जींद से दिल्ली के लिए पुराने रूट वाया रोहतक, बहादुरगढ़ होकर जाने की बात करें तो इसमें लगभग 4 घंटे का समय लगता था और यात्रियों को 160 रुपए किराया देना पड़ता था, लेकिन अब वाया गोहाना व सोनीपत होकर दिल्ली जाने में बस 3 घंटे का समय लेगी और यात्रियों को 130 रुपए किराया देना होगा. समय में 1 घंटे की बचत और किराए में 30 रुपए कम यात्रियों को एक साथ दो फायदे होंगे.

जींद बस स्टैंड के डीआई जसमेर खटकड़ ने बताया कि दिल्ली के लिए जींद रोडवेज डिपो से फिलहाल 6 बसें संचालित हो रही है. यहां से काफी लोग सरकारी व प्राइवेट संस्थानों में नौकरी करने दिल्ली जाते हैं. इसके अलावा, बहुत से छात्र दिल्ली के संस्थानों में पढ़ाई करने और व्यापारी सामान लेने के लिए दिल्ली के लिए आवाजाही करते हैं.

यह भी पढ़े -  दिल्ली के इन रेलवे स्टेशनों के बदल जाएंगे नाम, भारतीय रेलवे कर रहा बड़ा प्लान तैयार; यात्रियों को होगा यह फायदा

नजफगढ़ के ट्रैफिक जाम से छुटकारा

ऐसे में जींद से वाया गोहाना- सोनीपत होकर बस चलने से सभी को फायदा पहुंचेगा. दरअसल, रोहतक होकर दिल्ली जाते समय यात्रियों को बहादुरगढ़ और नजफगढ़ में ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता था, लेकिन अब नए रूट पर यात्रियों को इस समस्या से छुटकारा मिलेगा. इससे यात्रियों के लिए कम समय में दिल्ली का सफर तय हो सकेगा.

यात्रियों की सुविधा के लिए फैसला

जसमेर खटकड़ ने बताया कि यात्रियों की डिमांड पर नए रूट वाया गोहाना- सोनीपत होकर दिल्ली के लिए बसों के संचालन को हरी झंडी दिखाई गई है. इससे उनका समय व किराया दोनों की बचत होगी. यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सकें, इसके लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.