हरियाणा में यात्रियों के लिए खुशखबरी, रोडवेज ने इस रूट पर घटाया 5 रुपए किराया

जींद | हरियाणा में रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. अक्सर हमने परिवहन विभाग द्वारा यात्री किराए में बढ़ोतरी की ही खबर सुनी है, लेकिन आज पहली बार किराए में कटौती की खबर सामने आई है. बता दें कि रोडवेज ने जींद से सोनीपत रूट पर गोहाना तक किराया कम कर आमजन को बड़ी राहत प्रदान की है.

ROADWAYS BUS

यात्री किराया हुआ कम

पहले जींद से गोहाना तक यात्रियों को किराए के रूप में 50 रुपए देने पड़ते थे लेकिन अब 45 रुपए देने होंगे. यानि यात्री किराए में 5 रुपए की कटौती की गई है. बता दें कि पहले इस रूट पर लुदाना गांव के पास टोल प्लाजा बना हुआ था. इसलिए टोल टैक्स के अतिरिक्त 5 रुपए जोड़कर 50 रुपए किराया तय किया हुआ था, लेकिन अब टोल प्लाजा को जींद- गोहाना सड़क मार्ग के समानांतर बने नए जींद- सोनीपत ग्रीनफील्ड नेशनल हाईवे पर शिफ्ट कर दिया गया है. इसके बाद, किराया 5 रुपए कम करने का फैसला लिया गया है.

20 से ज्यादा गांवों को मिलेगी राहत

रोडवेज डिपो ने जींद से अब पिंडारा, रधाना तक के 5 रुपए, सिंधवी खेड़ा, निडानी के 10 रुपए किराया निर्धारित कर दिया है. वहीं, निडाना मोड़ और ललित खेड़ा के 15 रुपए और लुदाना के 20 रुपए किराया देना होगा. इससे आगे जींद से भंभेवा का 25 रुपए, खेड़ा-खेड़ी का 30 रुपए, बुटाना का 30 रुपए और गोहाना का 45 रुपए किराया निर्धारित किया गया है.

यह भी पढ़े -  जींद के उचाना में नए स्वास्थ्य केंद्र का रास्ता साफ, PWD ने जारी किया टेंडर

पहले जींद से हर जगह के लिए 5 रुपए किराया अतिरिक्त देना पड़ता था, लेकिन अब टोल हटाने के बाद अतिरिक्त चार्ज हटा दिया गया है. किराया कम होने से इस रूट के 20 से ज्यादा गांवों के यात्रियों को फायदा होगा, तो दूसरे यात्रियों को भी किराए में कटौती से राहत पहुंचेगी. जींद रोडवेज डिपो ने सभी रोडवेज और प्राइवेट बस परिचालकों को नया घटा हुआ किराया लेने के आदेश जारी कर दिया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.