कैथल | हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन कैथल जिले के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि गुहला चीका विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने बजट सत्र के दूसरे दिन कैथल से चीका खस्ताहाल स्थिति से जूझ रही सड़क का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि गुहला चीका क्षेत्र में बहुत सी सड़कें बिल्कुल जर्जर हालत में पहुंच चुकी है और यहां सड़क कम और गढ्ढे ज्यादा दिखाई दे रहे हैं.
उन्होंने कहा कि हाल ही में सीएम नायब सैनी भी इन सड़कों से होकर आए हैं और उन्हें पता है कि उन सड़कों का क्या हाल है. मुख्यमंत्री अपनी जगह पर बैठे मुस्कुरा रहे हैं, आप उनसे पूछ सकते हैं. कांग्रेस विधायक ने कहा कि इस सड़क मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण करवाया जाए ताकि लोगों का सफर सुरक्षित व आरामदायक हो सकें.
कैबिनेट मंत्री ने दिया जवाब
कांग्रेस विधायक के प्रश्न पर सूबे की नायब सैनी सरकार में लोक निर्माण मंत्री (PWD) रणबीर गंगवा ने कहा कि जिस सड़क मार्ग का कांग्रेस विधायक जिक्र कर रहे हैं उसके लिए सीआईआरएफ योजना के तहत 130 करोड़ रुपए मंजूर हो चुके हैं और जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा. उन्होंने बताया कि कैथल- चीका सड़क मार्ग को फोरलेन बनाया जाएगा ताकि लोगों का सफर आसान हो सकें.
पंजाब बॉर्डर तक आसान हो जाएगा सफर
कैथल- चीका सड़क मार्ग पर जिले के 75 से ज्यादा गांव पड़ते हैं. इस सड़क से रोजाना हजारों की आबादी आवागमन करती है. कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने कहा कि यह कैथल को पंजाब से जोड़ने वाली प्रमुख सड़कों में से एक है. वर्तमान में यह सड़क बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी है. बड़े- बड़े गड्ढे हर रोज सड़क दुघर्टना को न्यौता दे रहे हैं.
कांग्रेस विधायक ने कहा कि इस सड़क मार्ग पर पैचिंग का कार्य किया जाता है लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से गढ्ढे बन जाते हैं. अब इस सड़क को नए सिरे से निर्माण करने की सरकार ने मंजूरी दी है जिससे जिले के लोगों को राहत पहुंचेगी और उनके लिए पंजाब बॉर्डर तक सफर करना सुरक्षित व आरामदायक हो जाएगा.
