कैथल | हरियाणा के कैथल जिले से आमजन के लिए मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि यहां प्रदेश सरकार द्वारा तीन साल पहले वैध की गई 20 कालोनियों में अब जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा करीब 20 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च कर सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी. वहीं, शहर की कई कालोनियों में जर्जर हो चुकी सीवरेज लाइनों को भी बदला जाएगा. अगले महीने से यह कार्य शुरू होने की उम्मीद है.
लोगों को मिलेगी राहत
मानसून सीजन में शहर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव की भारी समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है. कई जगहों पर सीवरेज लाइन सालों पुरानी है जो ओवरफ्लो हो जाती है और कई जगहों पर सीवरेज लाइन बिछाने का काम अधूरा पड़ा है. शहरवासी लंबे समय से सीवरेज लाइन बिछाने की मांग कर रहे हैं ताकि इस समस्या से छुटकारा मिल सकें. नगर परिषद् हाउस की मीटिंग में ज्यादातर पार्षद इस मुद्दे को लगातार उठा रहे थे.
सीवरेज के साथ- साथ 17 करोड़ रुपए की धनराशि से कई कालोनियों में पानी की पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी. इसके लिए विभाग ने प्रस्ताव भेज दिया है. विभाग की ओर से 8 नए ट्यूबवेल भी इन कालोनियों में लगाए जाएंगे ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को भरपूर मात्रा में पानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.
इन कालोनियों में बिछेगी सीवरेज लाइन
कैथल शहर की जिन कालोनियों में सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी उनमें दसमेश कॉलोनी, अंबरसरिया कॉलोनी, पंथ नगर, मोती बाग, भगत सिंह कॉलोनी, लाल बहादुर शास्त्री कॉलोनी, राधा स्वामी कॉलोनी, शूगर मिल कॉलोनी, कपिल कॉलोनी, प्रताप कॉलोनी, बालाजी कॉलोनी, फ्रेंड्स कॉलोनी, शिव कॉलोनी, सतनाम चौक, लघु सचिवालय से पिहोवा चौक तक, परशुराम चौक से सेक्टर- 21 तक, खुराना रोड से वाल्मीकि चौक तक, रेलवे लाइन से उद्योग मार्ग तक क्षेत्र शामिल हैं.
