कैथल | हरियाणा के कैथल जिले में एक देशी नस्ल की गाय सुर्खियों में बनी हुई है. यशोदा नाम की इस गाय ने एक दिन में 21.330 लीटर दूध देकर नया रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है. इस रिकॉर्ड को सत्यापित करने के लिए गांव के सरपंच सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Live प्रसारित किया गया ताकि लोगों तक सच पहुंचाया जा सके और किसी तरह की भ्रम की स्थिति न हो.
किसान की गाय ने रचा इतिहास
कैथल जिले के गांव खरक पांडवा के किसान सुनील सहारण की देशी नस्ल की गाय ने 21 लीटर से ज्यादा दूध देकर पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. इससे पहले यह गाय 17 लीटर दूध देने के लिए जानी जाती थी लेकिन अब इतनी मात्रा में दूध देना राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है.
किसान सुनील सहारण ने बताया कि उन्होंने 6 महीने की उम्र से यशोदा का पालन-पोषण शुरू कर दिया था. इस विशेष देखभाल में हरा चारा, पौष्टिकता से भरपूर अन्य प्रोडेक्ट्स जैसे खल- चूरी, घरेलू दाना आदि शामिल हैं. इसके अलावा रहने की साफ-सुथरी जगह, नियमित स्वास्थ्य जांच, उचित नस्ल का टीकाकरण आदि ने इस गाय की श्रेष्ठता को और बढ़ा दिया. वह बिल्कुल अपने बच्चों की तरह इस गाय की देखभाल करते हैं.
अतिरिक्त आमदनी का बनी जरिया
उन्होंने बताया कि इस उपलब्धि से प्रदेश के अन्य किसानों का भी देशी गाय के पालन के प्रति रूझान बढ़ेगा. प्रदेश में अब पहले के मुकाबले देशी गाय के पालन के व्यवसाय में तेजी आई है क्योंकि विदेशी नस्लों की तुलना में इनके रहन-सहन और खान-पान पर कम खर्च आता है. अब तो देशी गाय के दूध की कीमत भी ऊंची हो गई है, जिससे किसानों को खेती के साथ- साथ अतिरिक्त आमदनी हो रही है.
