कुरुक्षेत्र | हरियाणा सरकार प्रदेश के करीब 10 लाख कुम्हार वर्ग के लोगों को पात्रता प्रमाण पत्र देने की तैयारी में है. कुरुक्षेत्र में इसके लिए एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पात्र व्यक्तियों को प्रमाण पत्र सौंपेंगे. मिली जानकारी के अनुसार, बाकी जिलों में भी ऐसे कार्यक्रम होंगे, जहां मंत्री और सांसद प्रमाण पत्र वितरित करेंगे.
कुरुक्षेत्र में होगा मुख्य कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ इस कार्यक्रम में कैथल, करनाल और यमुनानगर के पात्र लोगों को भी प्रमाण पत्र दिए जाएंगे. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पवार और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहेंगे. ऊर्जा मंत्री अनिल विज अंबाला में, उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह गुरुग्राम में, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा पानीपत में, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल फरीदाबाद में, सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा रोहतक में और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा हिसार में प्रमाण पत्र वितरण करेंगे.
अन्य जिलों में भी होगा वितरण कार्यक्रम
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी फतेहाबाद में, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भिवानी में और स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव महेन्द्रगढ़ में प्रमाण पत्र बांटेंगी. वहीं, विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा जींद में, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के राज्य मंत्री राजेश नागर झज्जर में और युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम पलवल में मौजूद रहेंगे.
राज्यसभा सांसद किरण चौधरी नूंह में, रेखा शर्मा पंचकूला में, कार्तिकेय शर्मा रेवाड़ी में, सुभाष बराला सिरसा में, लोकसभा सांसद धर्मवीर सिंह चरखी दादरी में और नवीन जिंदल सोनीपत में वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे.
