धर्मनगरी कुरुक्षेत्र को मिलेगी एक और लंबी दूरी की ट्रेन की सौगात, राजस्थान की यात्रा बनेगी आसान

कुरूक्षेत्र | धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के लोगों को बहुत जल्द एक और लंबी दूरी की नई ट्रेन सेवा का तोहफा मिल सकता है. उदयपुर सिटी- चंडीगढ़ एक्सप्रेस को स्वीकृति मिलने के बाद रेलवे अब बाड़मेर से कुरुक्षेत्र तक नई ट्रेन चलाने की योजना बना रहा है. इसका प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड ने विचार के लिए रेल मंत्रालय को भेजा है.

Train Railways

बाड़मेर तक नई ट्रेन चलाने की योजना

इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो यह 1 साल के भीतर इस रूट पर चलने वाली तीसरी एक्सप्रेस ट्रेन होगी. फिलहाल, उदयपुर सिटी- चंडीगढ़ एक्सप्रेस को सप्ताह में 2 दिन बुधवार और शुक्रवार को चलाने का प्रस्ताव है. बाड़मेर- चंडीगढ़ एक्सप्रेस का संचालन शनिवार से सोमवार के बीच शुरू किया जा सकता है. कैथल रेलवे स्टेशन अधीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि बाड़मेर से कुरुक्षेत्र तक नई ट्रेन चलाने की योजना है.

उन्होंने कहा कि इस संबंध में रेलवे के उच्च अधिकारियों की ओर से पत्राचार किया गया है. अंतिम निर्णय रेलवे बोर्ड और मंत्रालय स्तर पर लिया जाएगा. इस ट्रेन सेवा के शुरू होने से कुरूक्षेत्र और कैथल ही नहीं बल्कि हरियाणा के कई अन्य जिलों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. लोगों को राजस्थान के कई प्रमुख शहरों तक आवागमन के लिए एक और लंबी दूरी की ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा.

ट्रेन का शेड्यूल

ट्रेन नंबर 20989, हर बुधवार और शनिवार को दोपहर 4:05 बजे उदयपुर सिटी से चलकर अगले दिन सुबह 9:50 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 20990, हर वीरवार और रविवार को सुबह 11:20 बजे चंडीगढ़ से चलकर अगले दिन सुबह 5:30 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी.

बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में उदयपुर सिटी, राणा प्रताप नगर, मावली, कपासण, चित्तौड़गढ़ (चंदेरिया), भीलवाड़ा, विजयनगर, अजमेर, किशनगढ़, फुलेरा, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, दौसा, बांदीकुई, राजगढ़, अलवर, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, नरवाना, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट और चंडीगढ़ स्टेशनों पर ठहराव करेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.