कुरुक्षेत्र | नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी किए गए JEE Mains सेशन- 2 के रिजल्ट में हरियाणा की युवा पीढ़ी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. धर्मनगरी कुरुक्षेत्र निवासी अर्णव जिंदल ने 99.9% अंक लेकर पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में टॉप किया है. अर्णव ने बताया कि वह मुंबई और दिल्ली के टॉप इंस्टिट्यूट में पढ़ने के सपने को पूरा करने के लिए पिछले 3 साल से चंडीगढ़ में हॉस्टल में रहकर कड़ी मेहनत कर रहे थे.
सोशल मीडिया से बनाई दूरी
अर्णव ने बताया कि मेरा सपना था कि JEE Main और JEE Advance में एक अच्छा रैंक हासिल करु ताकि मुंबई और दिल्ली के टॉप इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन मिल सकें और इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने रोजाना 12-13 घंटे पढ़ाई की. इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म WhatsApp, Facebook और Instagram से पूरी तरह दूरी बना ली थी. उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उन्होंने हर कदम पर मेरा सपोर्ट किया है.
उन्होंने आगे बताया कि पिछले 3 साल से JEE की तैयारी कर रहा हूं. फिलहाल JEE Mains ही क्लियर हुआ है. अभी JEE Advance बाकी है. मेरा सपना है कि मैं JEE Advance में अच्छा रैंक लेकर आऊं. इससे मैं अपने सपने के थोड़ा और करीब जा सकता हूं.
गुरुग्राम के अमोघ ने हासिल की 29वीं रैंक
सेक्टर- 81 स्थित DLF अल्टिमा सोसाइटी निवासी अमोघ बंसल ने JEE Mains की परीक्षा में हरियाणा में टॉप किया है. उन्होंने 99.99% अंक लेकर ऑल इंडिया रैंकिंग में 29वां स्थान हासिल किया है. उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने रोजाना 11- 12 घंटे पढ़ाई की है. बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशियां छाई हुई है. अमोघ ने बताया कि IIT में कम्प्यूटर साइंस की पढ़ाई करने का सपना है. सेल्फ स्टडी के साथ कोचिंग लेकर मैंने पढ़ाई की है.
