कुरूक्षेत्र | हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां पर आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर शहर को महाभारत थीम से सजाया जा रहा है. प्रमुख चौक- चौराहों का नामकरण महाभारत के पात्रों के नाम पर किया जाएगा. पूरे शहर में महाभारत कालीन चित्रकारी करवाई जा रही है.

जल्द मिलेगी नए रिंग रोड की सौगात
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि महाभारत काल की मनमोहक तस्वीरों से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को उस युग की रोचक घटनाओं को जीवंत रूप में अनुभव करने का मौका मिलेगा. उन्होंने बताया कि कुरूक्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए रिंग रोड प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है. इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है.
24 देशों को निमंत्रण
सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 250 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की है जिससे शहर को नया स्वरूप दिया जा रहा है. ज्योतिसर में महाभारत कालीन घटनाओं पर आधारित अनुभव केंद्र बनकर लगभग तैयार हो चुका है.
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के लिए विदेश मंत्रालय के माध्यम से 24 देशों को निमंत्रण दिया जा चुका है. महोत्सव में शामिल होने के लिए फिजी और त्रिनिदाद एवं टोबेगो से 20 पंडित दो दिन के लिए कुरुक्षेत्र आ रहे हैं.