महेंद्रगढ़ | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले से वाया झज्जर होते हुए दिल्ली के लिए परिवहन विभाग की सीधी बस सेवा की सुविधा शुरू की गई है. महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक कंवर सिंह ने इस बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

यह रहेगा शेड्यूल
महेंद्रगढ़ रोडवेज डिपो के जीएम देवदत्त ने बताया कि नारनौल बस डिपो की यह बस महेंद्रगढ़ से सुबह 7 बजे रवाना होकर वाया कनीना, नाहड़, कोसली, धारौली, सुबाना, बहादुरगढ़ और पीरागढ़ी होते हुए ISBT कश्मीरी गेट पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में यह बस ISBT कश्मीरी गेट बस स्टैंड से दोपहर 12 बजे रवाना होकर शाम सवा 4 बजे महेंद्रगढ़ पहुंचेगी. इस बस में महेंद्रगढ़ से दिल्ली के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 140 रुपए निर्धारित किया गया है.
बीजेपी विधायक कंवर सिंह ने बताया कि लंबे समय से इस रूट पर दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई जा रही थी जो अब जाकर पूरी हो गई है. परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इस बस सेवा के संचालन से दिल्ली ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारियों और स्टूडेंट्स को भी फायदा पहुंचेगा.
इस रूट पर भी दौड़ेगी बसें
उन्होंने बताया कि जल्द ही महेंद्रगढ़ बस स्टैंड से आगरा, मथुरा, दिल्ली व पिलानी जैसे लंबे रूट्स पर सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जाएगा. इससे लोगों की निजी वाहनों से निर्भरता कम होगी और वे साधारण किराए का भुगतान कर दिल्ली की आवाजाही सुगम बना सकेंगे.