महेंद्रगढ़ | दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में प्रस्तावित IMT को लेकर एक बार फिर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है. हालांकि, इसको लेकर साल 2019 से चल रहे प्रयासों पर फिलहाल विराम लग गया है और अब परियोजना को नए सिरे से आकार देने की तैयारी है.
IMT विकसित करने की योजना
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, खुडाना गांव की जिस पंचायती भूमि पर IMT विकसित करने की योजना थी, उस पर अब प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ेगा. अब नई जगह चिह्नित की जाएगी और इसके लिए किसानों की निजी भूमि का अधिग्रहण होगा. इसके पीछे का कारण है कि विभाग नियमानुसार पंचायती भूमि पर IMT विकसित नहीं कर सकता है. अब प्रशासन ने नई जमीन चिह्नित करने और नई योजना बनाने का संकेत दिया है, इससे उम्मीद और संशय दोनों का माहौल बना हुआ है.
सोमवार यानि कल लघु सचिवालय में महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक कंवर सिंह यादव की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई गई थी जिसमें इस परियोजना की मौजूदा स्थिति, बाधाएं और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक के बाद बीजेपी विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा IMT बनाने की हैं. अब केवल जमीन का न मिलना ही इस प्रोजेक्ट में सबसे बड़ी अड़चन हैं. अब इस परियोजना को सिरे चढ़ाने के लिए किसानों से जमीन ली जाएगी.
पूर्व मुख्यमंत्री ने रखी थी आधारशिला
साल 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने खुडाना IMT की आधारशिला रखी थी. करीब 2 हजार एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस परियोजना के लिए गांव खुड़ाना की ओर से उस समय लगभग 1029 एकड़ पंचायती भूमि का प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया था.
परियोजना जमीन पर नहीं उतर पाई है. सबसे बड़ी अड़चन प्रस्तावित साइट तक पहुंचने वाले दो मुख्य मार्गों के निर्माण और अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण में सामने आई है. महेंद्रगढ़- दादरी स्टेट हाईवे 148B से करीब 200 फीट चौड़े और लगभग 2 किलोमीटर लंबे दो मार्ग प्रस्तावित हैं. इनमें से एक मार्ग गांव जाट जोशी के पास से और दूसरा कुछ दूरी पर चिह्नित भूमि तक पहुंचना है. वर्तमान में गांव जाट जोशी के पास मौजूदा रास्ते की चौड़ाई मात्र 10 फीट हैं जिसकी चौड़ाई बढ़ाने के लिए निजी भूमि अधिग्रहण की जरूरत पड़ेगी.
फिर खोला जाएगा पोर्टल
SDM कनिका गोयल ने बताया कि महेंद्रगढ़ जिले में प्रस्तावित IMT विकसित करने को लेकर खुड़ाना, आदलपुर व खरकड़ा गांव के सरपंचों व संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जमीन अधिग्रहण व ई- भूमि पोर्टल के बारे में विस्तृत चर्चा की गई है. उन्होंने बताया कि सरकार ने IMT के रास्तों की भूमि अधिग्रहण के लिए खुड़ाना, आदलपुर व खरकड़ा गांव के किसानों के लिए ई- भूमि पोर्टल पर सहमति लेने के लिए पोर्टल फिर से खोला जाएगा.
