दिल्ली में 25 फरवरी को लिखा जाएगा नया इतिहास, एक साथ 12 हजार कच्चे कर्मियों को मिलेगा पक्की नौकरी का तोहफा

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव में हार झेलने वाली आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बड़ा ऐलान करते हुए हजारों कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है. पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि MCD में हमारी सरकार एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रही है.

Atishi Marlena

12 हजार कर्मियों को तोहफा

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने बताया कि 25 फरवरी को होने वाले एमसीडी के हाउस में 12 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्की नौकरी का तोहफा दिया जाएगा. यह एक ही बार में इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों को स्थायी करने का सबसे बड़ा निर्णय होगा. उन्होंने बताया कि इस फैसले से बेलदार, शिक्षक, इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी, सफाई कर्मचारी, माली और मलेरिया की जांच करने वाले डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स लाभान्वित होंगे.

MCD के इतिहास का लैंडमार्क दिन

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने के अपने वादे पर दृढ़ता से कायम है. सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि पंजाब में भी हमारी पार्टी ने इस वादे को निभाया है, जहां हमारी सरकार बनने पर कर्मचारियों को स्थायी रोजगार देने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. हमारी सरकार ने पंजाब में अनुबंध पर कार्यरत अध्यापकों को नियमित करने का काम किया है.

पूर्व CM आतिशी ने जोर देते हुए कहा कि 25 फरवरी का दिन एमसीडी के इतिहास में एक लैंडमार्क दिन बनेगा. यह देश के इतिहास में पहली बार होगा, जब एक ही फैसले में 12 हजार अनुबंधित कर्मचारियों को पक्की नौकरी की सौगात मिलेगी. नगर निगम के मेयर महेश खींची ने भी इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी जो वादा करती है, उसे पूरा करती है. पहले भी हमारी सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को स्थायी रोजगार दिया है. अब 25 फरवरी को एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कच्चे कर्मचारियों को पक्की नौकरी देने का नया अध्याय लिखा जाएगा.

यह भी पढ़े -  शाहदरा CBD में जजों के लिए आधुनिक हाउसिंग प्रोजेक्ट, दिल्ली सरकार की बड़ी योजना
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.