नई दिल्ली | राजधानी में दिल्ली विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘यू- स्पेशल’ बस सेवा को दोबारा शुरू करने की घोषणा की है. यह सेवा विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए फायदेमंद होगी जो दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉलेजों में पढ़ाई करते हैं. इससे पहले 1970 के दशक में इस सेवा की शुरुआत हुई थी, लेकिन निजी बसों के बढ़ते प्रभाव के कारण इसे बंद कर दिया गया था. अब वर्षों बाद एक बार फिर यह बसें दिल्ली की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी.
नवीन सुविधाओं से लैस होंगी बसें
मुख्यमंत्री ने बताया कि ये नई बसें आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगी. इनमें एयर कंडीशनर, एलईडी लाइट्स, म्यूजिक सिस्टम आदि की सुविधा दी जाएगी. इन बसों से दूर- दराज से आने वाले छात्रों को राहत मिलेगी और वे आरामदायक सफर का लाभ उठा पाएंगे. इससे न केवल ट्रैवलिंग आसान होगी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था भी बेहतर हो पाएगी.
छात्रों से की मेंटर बनने की अपील
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों से अपील की कि वे सरकारी स्कूलों के बच्चों के मेंटर बनें और उनकी पढ़ाई में सहायता करें. उन्होंने विश्वविद्यालय को सुझाव दिया कि कुछ सरकारी स्कूलों को गोद लेकर वहां नियमित मेंटरिंग प्रोग्राम चलाया जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों की छवि को बेहतर बनाने की आवश्यकता है और सरकार की मंशा है कि इन्हें प्राइवेट स्कूलों से भी बेहतर बनाया जाए. इस अवसर पर शिक्षा मंत्री अशिष सूद, डीयू के वीसी प्रो. योगेश सिंह, महापौर राजा इकबाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
