नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां मेट्रो के Phase- 5A में तीन नए कॉरिडोर बनाने की परियोजना को हरी झंडी दिखा दी गई है. इससे दिल्ली- NCR में सफर करना और भी आसान हो जाएगा. लोगों को बीच में मेट्रो की यात्रा छोड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी बल्कि इंटरचेंज करके एक से दूसरे कॉरिडोर पर जाकर घर या ऑफिस के पास के स्टेशन तक पहुंचने में आसानी हो जाएगी.
यहां मिलेगी इंटरचेंज की सुविधा
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि मैजेंटा लाइन पर कुल 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे. वर्तमान में इस खंड में कालकाजी मंदिर, बॉटेनिकल गार्डन, जनकपुरी पश्चिम और हौज खास चार इंटरचेंज स्टेशन हैं.
Phase- 4 व Phase- 5A में 17 अतिरिक्त इंटरचेंज स्टेशन बनेंगे. इनमें कालिंदी कुंज, चिराग दिल्ली, T- 1 IGI एयरपोर्ट, पीरागढ़ी, पीतमपुरा, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, आजादपुर, पुलबंगश, नबी करीम, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, इंद्रप्रस्थ, दिल्ली गेट, नई दिल्ली और इंद्रलोक शामिल हैं. दिल्ली मेट्रो Phase- 4 और Phase- 5A के निर्माण के बाद मेजेंटा लाइन (89 किलोमीटर) दिल्ली मेट्रो की सबसे लंबी लाइन हो जाएगी.
कॉरिडोर नंबर- 1
आरके आश्रम मार्ग- इंद्रप्रस्थ सेक्शन का विस्तार. जिन जगहों पर स्टेशन प्रस्तावित है उनमें आरके आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल- हाईकोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ शामिल हैं.
कॉरिडोर नंबर- 2
तुगलकाबाद- कालिंदी कुंज सेक्शन, एरोसिटी- तुगलकाबाद कॉरिडोर का विस्तार होगा. तुगलकाबाद, साकेत और कालिंदी कुंज जैसे इलाकों से IGI एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
इन जगहों का सफर होगा सुहाना
इस कॉरिडोर के बनने से सरकारी कर्मचारियों के लिए सीधे अपने कार्यालय तक आवाजाही आसान हो जाएगी. कॉरिडोर से आरके आश्रम मार्ग (निर्माणाधीन) स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरियट, सीसीएस बिल्डिंग्स, इंडिया गेट, वॉर मेमोरियल-हाईकोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ जैसे महत्वपूर्ण स्थान मेट्रो से सीधे जुड़ेंगे.
दक्षिणी दिल्ली को फायदा
यह कॉरिडोर दक्षिण और दक्षिण- पूर्वी दिल्ली के क्षेत्रों को बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा और स्थानीय यात्रियों के लिए आवाजाही को अधिक सहज बनाएगा. इस कॉरिडोर से कालिंदी कुंज, तुगलकाबाद, जसौला, मदनपुर खादर, सरिता विहार, हरकेश नगर समेत कई अन्य क्षेत्रों के लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा.
कॉरिडोर नंबर- 3
एरोसिटी स्टेशन को आगे IGI एयरपोर्ट T- 1 से जोड़ा जाएगा. जिन जगहों पर स्टेशन प्रस्तावित है उनमें तुगलकाबाद- कालिंदी कुंज सेक्शन पर सरिता विहार डिपो, मदनपुर खादर, कालिंदी कुंज स्टेशन होंगे.
IGI एयरपोर्ट की डगर होगी आसान
इस कॉरिडोर के निर्माण से नोएडा सहित तुगलकाबाद, बदरपुर, महिपालपुर सहित दक्षिणी दिल्ली से IGI एयरपोर्ट की डगर आसान हो जाएगी. हवाई यात्रा करने वालों के लिए यह कॉरिडोर वरदान साबित होगा. IGI एयरपोर्ट तक मेट्रो की सीधी व तेज कनेक्टिविटी मिलेगी. लोगों की निजी वाहनों व टैक्सियों पर से निर्भरता खत्म होगी और वे बिना ट्रैफिक जाम में फंसे झट से एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे.
