नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. लोगों को ट्रैफिक जाम से दूर तीव्र गति के सार्वजनिक परिवहन के रूप में विकल्प उपलब्ध कराने वाली दिल्ली मेट्रो का लगातार विस्तार किया जा रहा है. इसी कड़ी में शिव विहार और मजलिस पार्क के बीच चलने वाली पिंक लाइन को लेकर ताजा जानकारी सामने आई है.
नई एक्सटेंशन लाइन
दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन के विस्तारीकरण के तहत मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक नई लाइन जोड़ी जा रही है. इस लाइन पर कुल 8 नए स्टेशन बन रहे हैं, जिनमें नाम बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर विलेज, सूरघाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार हैं.
3 स्टेशन खुलने को तैयार
मजलिस पार्क की ओर से बनने वाले 3 स्टेशन यानि बुराड़ी, झड़ौदा माजरा और जगतपुर विलेज के स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं. किसी भी वक्त इनके आम लोगों के लिए खुलने की सूचना मिल सकती है. बाकी के स्टेशनों सूरघाट, सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसी साल के आखिर तक इनका काम पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है.
दिल्ली की पहली रिंग मेट्रो
नई पिंक लाइन एक्सटेंशन मौजूदा मजलिस पार्क- शिव विहार लाइन को मौजपुर- बाबरपुर में आपस में जोड़ेगी. इस तरह पिंक लाइन दिल्ली मेट्रो की पहली कंपलीट रिंग मेट्रो बन जाएगी. दिल्ली मेट्रो के चौथे चरण में प्रायरइटी कॉरिडोर का काम जून 2026 तक पूरा हो जाने की उम्मीद जताई गई है. हालांकि, इस कॉरिडोर का निर्माण कार्य पिछले साल ही पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था.
