नई दिल्ली | अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. राजधानी में इस सप्ताह कई महत्वपूर्ण बदलाव और अवसर सामने आए हैं. 15 जुलाई से लाल किला आम लोगों के लिए बंद होने जा रहा है. वहीं, दिल्ली सरकार ने विभिन्न विभागों में 1979 पदों पर भर्ती निकाली है. इसके अलावा, DDA की जनसुनवाई, छात्रवृत्ति योजना के आवेदन और आरएमएल अस्पताल में डॉक्टरों की भर्ती भी चर्चा में हैं.

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को देखते हुए 15 जुलाई से आम पर्यटकों के लिए लाल किला बंद कर दिया जाएगा. हर साल 15 अगस्त के मुख्य समारोह की तैयारियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और मंच निर्माण का कार्य पहले ही शुरू कर दिया जाता है. ऐसे में पर्यटक 15 जुलाई के बाद कुछ समय तक लाल किले का भ्रमण नहीं कर सकेंगे.
दिल्ली में 1979 पदों पर भर्ती
दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (DSSSB) ने विभिन्न विभागों में 1979 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. इन पदों में आईटी विभाग, फॉरेंसिक साइंस लैब, शिक्षा निदेशालय और एनडीएमसी समेत कई विभाग शामिल हैं. इच्छुक अभ्यर्थी 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आज जनसुनवाई का आयोजन किया है. डीडीए से जुड़े किसी भी मामले को लेकर लोग दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत या समस्या रख सकते हैं.
छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन
नेशनल मीन्स- कम- मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम (NMMSS) के तहत नए और रिन्यूअल दोनों श्रेणी के छात्रों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. छात्र 15 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. समय सीमा समाप्त होने के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में वरिष्ठ डॉक्टरों के 123 संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है. विभिन्न विभागों में नियुक्ति के लिए 14, 15 और 16 जुलाई को वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे.
दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए ये सभी अपडेट महत्वपूर्ण हैं. यदि आप सरकारी नौकरी, छात्रवृत्ति या किसी सरकारी सेवा का लाभ लेना चाहते हैं तो तय समय सीमा के भीतर जरूरी प्रक्रिया पूरी करना बेहतर रहेगा.