नई दिल्ली | वाहन चालकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi Mumbai Expressway) के पूरी तरह से शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों को बता दें कि 1350 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के अलग- अलग सेक्शन को धीरे- धीरे आम जनता के लिए खोला जा रहा है. इसी कड़ी में राजस्थान के कोटा और बूंदी से होकर गुजरने वाले इस एक्सप्रेसवे के 80 किलोमीटर लंबे हिस्से को वाहनों के लिए खोल दिया गया है.
पैसे और समय की बचत
खास बात यह है कि दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे के 80 किलोमीटर लंबे इस हिस्से के शुरू होने से यह दूरी मात्र 50 मिनट में पूरी होगी, जबकि पहले इस दूरी को तय करने में डेढ़ घंटे का समय लगता था क्योंकि कोटा होकर यह दूरी 100 किलोमीटर हो जाती थी लेकिन दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे के इस हिस्से के खुलने से दूरी और समय दोनों कम हो गया है. दूरी 20 किलोमीटर कम हुई है, तो वहीं दूसरी ओर सफर तय करने में लगने वाला समय 50 मिनट कम हुआ है.
5 घंटे में पूरा होगा साढ़े 7 घंटे का सफर
दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोटा से दिल्ली की ओर जाने के लिए अभी दो महीने और इंतजार करना पड़ेगा क्योंकि लबानम से सवाई माधोपुर के बीच आने वाले पैकेज नंबर- 10 पर काम चल रहा है. डीबी की रिपोर्ट के अनुसार, इस रूट पर लाइनिंग, रिपेयरिंग और फिनिशिंग का काम बाकी है.
खास बात यह है कि 28 किलोमीटर के इस हिस्से का निर्माण कार्य पूरा होने पर कोटा से दिल्ली की दूरी तय करने के समय में कमी आएगी. फिलहाल जिस सफर को पूरा करने में साढ़े 7 घंटे लगते हैं, वो आगे घटकर 5 घंटे रह जाएंगे. इसी एक्सप्रेसवे पर सबसे बड़ी 5 किलोमीटर लंबी 8 लेन की सुरंग भी कोटा से दरा के बीच निर्माणधीन है. इस सुरंग का निर्माण कार्य अक्टूबर 2025 में पूरा हो जाएगा.
