दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर का एक और ढांचा तैयार, साल के आखिर तक रफ्तार भरेगी ट्रेन

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां बाहरी रिंग रोड पर दीपाली चौक (पीतमपुरा) से मजलिस पार्क तक करीब 9 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर के ढांचे का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. अब इसके फिनिशिंग और ओवर हेड इक्विपमेंट (OHE) लगाने का काम चल रहा है. यह कॉरिडोर Phase-4 में निर्माणाधीन 29.262 किलोमीटर लंबी जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम मेट्रो लाइन का हिस्सा है.

Metro

कई मायनों में खास हैं मेट्रो कॉरिडोर

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के एक अधिकारी ने बताया कि फिनिशिंग के काम को जल्द ही पूरा कर लिया जायेगा और दिसंबर, 2025 तक इस कॉरिडोर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इस साल के आखिर तक दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच मेट्रो की सुविधा शुरू हो जाएगी.

मेट्रो का संचालन शुरू होने पर यह कॉरिडोर कई मायनों में बेहद खास होगा. दिल्ली मेट्रो के सबसे ऊंचे एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच ही हैदरपुर बादली मोड के पास किया गया है.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए शुरू होगी नई व्यवस्था, घनत्व के आधार पर रंग बदलेगी बत्ती

दिल्ली मेट्रो का दूसरा सबसे ऊंचा प्वांइट भी इसी कॉरिडोर का हिस्सा है. इसके अलावा यह कॉरिडोर रेड लाइन (रिठाला-न्यू बस अड्डा गाजियाबाद), यलो लाइन (समयपुर बादली-मिलेनियम सिटी गुरुग्राम) और पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) के स्टेशन से जुड़ा होगा. इससे लोगों को बेहतर आवाजाही की सुविधा मिलेगी.

इस रूट पर होंगे 6 इंटरचेंज स्टेशन

इस कॉरिडोर पर कुल 6 इंटरचेंज स्टेशन होंगे और इसमें से तीन इंटरचेंज स्टेशन दीपाली चौक से मजलिस पार्क के बीच होंगे. जिनमें पीतमपुरा, हैदरपुर बादली मोड व मजलिस पार्क शामिल है. पीतमपुरा रेड लाइन के स्टेशन के साथ, हैदरपुर बादली मोड यलो लाइन के साथ स्टेशन के साथ व मजलिस पार्क पिंक लाइन के स्टेशन के साथ इंटरचेंज होगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.