नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है. नए फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जा रहे हैं, ताकि सिग्नल फ्री ट्रैफिक के अनुकूल रास्ता तैयार हो सकें. इसी कड़ी में दिल्ली की जनता के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है.
इन जगहों पर बनेंगे अंडरब्रिज
केंद्रीय रेल मंत्रालय की ओर से दिल्ली के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां रेलवे ने दक्षिणी दिल्ली में पालम और शाहबाद रेलवे क्रॉसिंग पर लेवल क्रासिंग को बदलने के लिए रोड अंडरब्रिज के निर्माण को मंजूरी प्रदान कर दी है.
दिल्ली से बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने लोकसभा के मानसून सत्र में दोनों रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज के निर्माण का मुद्दा उठाया था. उन्होंने कहा था कि इन जगहों पर खासकर पीक आवर्स के दौरान लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. कुछ मिनटों का सफर ट्रैफिक जाम के चलते लंबे समय में तब्दील हो जाने पर लोगों का कीमती समय खराब हो जाता है. ऐसे में यहां रोड अंडरब्रिज बनाने की सख्त जरूरत है.
रेलमंत्री ने दी मंजूरी
लोकसभा के मानसून सत्र में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली-रेवाड़ी खंड पर पालम रेलवे क्रॉसिंग और शाहबाद रेलवे क्रॉसिंग के स्थान पर रोड अंडरब्रिज के निर्माण कार्य को मंजूरी प्रदान कर दी गई है. दोनों कार्यों के लिए जीएडी स्वीकृत कर दिए गए हैं और एस्टीमेट भी स्वीकृत कर दिए गए हैं.
उन्होंने आगे बताया कि शाहबाद लेवल क्रा¨सग से 1.3 किलोमीटर की दूरी पर एक सीमित ऊंचाई वाला सब- वे है और पालम लेवल क्रा¨सग से 200 मीटर की दूरी पर एक रोड ओवरब्रिज है, जिसका उपयोग ट्रैक पार करने के लिए किया जा रहा है. अब यहां अंडरब्रिज बनाने की योजना बनाई गई है.
