नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई सरकार का गठन हो चुका है. सीएम रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है. वहीं, दिल्ली में महिलाओं के मुफ्त बस सफर बंद होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली की महिलाओं को फ्री बस सेवा का लाभ मिलता रहेगा.
महिलाओं को फ्री बस सेवा का लाभ रहेगा जारी
परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी द्वारा महिलाओं के अंदर लगातार डर पैदा किया जा रहा था कि यदि दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनती है, तो मुफ्त बस सफर की योजना बंद कर दी जाएगी. उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि दिल्ली में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार के तहत महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा की योजना पहले की तरह सुचारू रूप से जारी रहेगी. इस योजना में जहां पर भी सुधार की आवश्यकता है, उसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.
जनता से किए गए वादे किए जाएंगे पूरे
दिल्ली की बीजेपी सरकार में परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन वादे के अनुसार, महिलाओं को फ्री बस सेवा का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा. हम इस सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन की फ्री सुविधा बंद करने की खबरें पूरी तरह से झूठ है. उन्होंने बताया कि हमने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जो वादे दिल्ली की जनता से किए थे, उन्हें पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी.
