नई दिल्ली | ट्रेन यात्रा के दौरान होने वाली समस्याओं की शिकायत यात्री Rail Madad App पर दर्ज करते हैं, लेकिन कई बार शिकायत का समाधान समय पर नहीं हो पाता. इसकी बड़ी वजह यह है कि ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों को शिकायत की जानकारी पहुंचने में देरी होती है. अब रेलवे इस व्यवस्था में बदलाव करने जा रहा है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद Rail Madad पर दर्ज शिकायत सीधे ट्रेन में तैनात संबंधित कर्मचारियों तक पहुंचेगी, जिससे मौके पर ही जल्द कार्रवाई की जा सकेगी.
Rail Madad App पर शिकायत दर्ज करने के बाद यात्रियों से फीडबैक भी लिया जाता है. CAG की रिपोर्ट के मुताबिक शिकायतों के समाधान से असंतुष्ट यात्रियों का प्रतिशत लगातार बढ़ा है.
नहीं मिलती राहत
2022- 23 में फीडबैक देने वाले 37 प्रतिशत यात्री असंतुष्ट थे. 2023- 24 में यह आंकड़ा बढ़कर 42 प्रतिशत हो गया. कई यात्री X और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी शिकायतों के समाधान में देरी को लेकर नाराजगी जाहिर करते हैं. रेलवे बोर्ड के मुताबिक, लाइव मॉनिटरिंग के दौरान सामने आया कि Rail Madad पर दर्ज शिकायतों की सूचना संबंधित ऑन- बोर्ड कर्मचारियों को समय पर नहीं मिलती.
शिकायत पहले मंडल नियंत्रण कार्यालय तक पहुंचती है. इसके बाद वहां से ट्रेन या कोच में मौजूद कर्मचारियों से संपर्क कर कार्रवाई कराई जाती है. इस पूरी प्रक्रिया में लगने वाला समय शिकायत के समाधान में देरी की वजह बनता है.
दिए ये निर्देश
रेलवे बोर्ड ने सभी क्षेत्रीय रेलवे को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए Coaching Maintenance Management System (CMM) और Rail Care में ट्रेन व कोच में तैनात कर्मचारियों की जानकारी सही और अपडेट रखने को कहा गया है. ऐसा होने पर शिकायत सीधे संबंधित कर्मचारी तक भेजी जा सकेगी.
क्षेत्रीय रेलवे को प्रत्येक ट्रेन के हर फेरे में तैनात On Board Housekeeping Service (OBHS) कर्मी, लिनेन वितरण कर्मी, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल कर्मचारी, TTE/ TE, RPF तथा IRCTC प्रबंधक का विवरण डिजिटल सिस्टम में अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं. इससे शिकायत के लिए जिम्मेदार कर्मचारी की तुरंत पहचान हो सकेगी और यात्रियों को तेज समाधान मिल सकेगा.
