नई दिल्ली | भारतीय रेलवे ने रेलयात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है. जिसमें बताया गया है कि वैष्णो देवी के लिए चलने वाली 3 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शेड्यूल में बदलाव हुआ है. इनमें नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा (ट्रेन नंबर 22439), नई दिल्ली से श्री माता वैष्णोदेवी कटरा (ट्रेन नंबर 22477) और श्री माता वैष्णोदेवी कटरा से नई दिल्ली (ट्रेन नंबर 22478) शामिल हैं.
नया शेड्यूल
ट्रेन नंबर 22439, नई दिल्ली से श्री माता वैष्णोदेवी वंदे भारत ट्रेन अब दोपहर 02.05 की बजाय 02.15 बजे कटरा पहुंचेगी. नया शेड्यूल 20 जनवरी से लागू होगा. पहुंचने के समय में बदलाव के बावजूद यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 6 बजे ही रवाना होगी. वहीं, ट्रेन नंबर 22477, हमेशा की तरह शाम 3 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और इसके कटरा पहुंचने का नया समय अब रात 11.20 होगा, जबकि पहले यह रात 11.15 बजे पहुंच जाती थी.
श्री माता वैष्णो देवी कटरा से रवाना होने वाली वंदे भारत ट्रेन नंबर 22478, अब सुबह 05.50 की बजाय 05.45 बजे रवाना होगी और दोपहर 2 बजे दिल्ली पहुंचेगी. उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए समय- सारिणी में कुछ मिनटों का बदलाव किया गया है.
