नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से भोले बाबा की नगरी हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को सफर में अब लंबा समय खर्च नहीं करना पड़ेगा. जी हां, दिल्ली से अब मात्र ढाई घंटे में आप हरिद्वार पहुंच जाएंगे. बता दें कि भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने उत्तर प्रदेश के देवबंद से उत्तराखंड के रुड़की तक एक नई रेलवे लाइन को बना कर तैयार कर लिया है. इस नवनिर्मित रेलमार्ग को रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने (CRS) ने मंजूरी प्रदान कर दी है.
सफल रहा ट्रायल
इस नई रेलवे लाइन का फायदा यह होगा कि दिल्ली से हरिद्वार जाने की दूरी 40 किलोमीटर तक कम हो गई है, जिससे वंदे भारत जैसी सुपरफास्ट ट्रेन महज ढाई घंटे में दिल्ली से हरिद्वार का सफर तय कर लेगी. इस नई रेलवे लाइन से उत्तराखंड विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ेगा.
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बीते दिनों इस 29.55 किलोमीटर लंबे देववंद- रुड़की नई रेल लाइन पर सीआरएस इंस्पेक्शन हुआ था और इस दौरान इस रेलवे ट्रैक पर 122 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेन को दौड़ाते हुए सफल ट्रायल लिया. जिसके बाद इस रेलवे लाइन को शुरू करने की तस्वीर साफ हो गई है.
40 KM कम हुई दूरी
अभी दिल्ली से हरिद्वार के लिए चलने वाली ट्रेनों को देवबंद पार करके पहले सहारनपुर जाना होता है. वहां से इंजन को पीछे जोड़ा जाता है. फिर ट्रेन रुड़की होते हुए हरिद्वार जाती है, लेकिन अब नई रेलवे लाइन से ट्रेन देवबंद से सहारनपुर जाने के बजाय सीधे रुड़की चली जाएगी. इस नई रेलवे लाइन के निर्माण से दिल्ली से हरिद्वार का रास्ता 40 किलोमीटर तक कम हो गया है. जाहिर है रास्ता घटने से यात्रा के समय में भी कमी आएगी.
इस समय दिल्ली से हरिद्वार के लिए चलने वाली सबसे तेज आनंद विहार- देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन हैं. जो शाम को 17.50 बजे आनंद विहार से रवाना होकर रात 21.11 बजे हरिद्वार पहुंचती है. यानि इस सफर में यह ट्रेन 3.21 घंटे का समय लेती है. रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि नई रेलवे लाइन शुरू होने पर इस सफर को महज ढाई घंटे में पूरा किया जा सकेगा.
