दिल्ली से करनाल व बावल की दूरी चंद मिनटों में होगी पूरी, 2 नए रूट पर दौड़ेगी सुपरफास्ट नमो भारत ट्रेन

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र से हरियाणा के बीच सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को और ज्यादा बेहतर और सुपरफास्ट बनाने की दिशा में एक अच्छी खबर सामने आई है. आने वाले समय में यदि आपको मुरथल के परांठे खाने हैं या फिर टेक्स्टाइल नगरी पानीपत या फिर करनाल का सफर तय करना है तो बिना ट्रैफिक जाम में फंसे आप कुछ ही मिनटों में अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच जाएंगे.

Rapidx Train

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने दो नए नमो भारत RRTS कॉरिडोर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार की है जो दिल्ली- हरियाणा के बीच आरामदायक सफर का एक नया अध्याय लिखेंगे.

दिल्ली से मात्र डेढ़ घंटे में पहुंचेंगे करनाल

नमो भारत कॉरिडोर शुरू होने पर दिल्ली- करनाल के बीच सराय काले खां स्टेशन से करनाल की दूरी मात्र डेढ़ घंटे में पूरी हो जाएगी. कश्मीरी गेट से आप मात्र 30 मिनट में मुरथल पहुंच जाएंगे. कुल 136 किलोमीटर लंबे इस रूट पर 17 जगहों पर स्टेशन बनेंगे जिनमें से 6 दिल्ली में और 11 हरियाणा में होंगे.

इस रूट पर सोनीपत एजुकेशन सिटी, कुंडली, बड़ी औद्योगिक क्षेत्र, पानीपत, IOCL रिफाइनरी और करनाल जैसे बड़े औद्योगिक और शिक्षा केंद्र पड़ते हैं जिनके लिए रोजाना लाखों लोग आवागमन करते हैं. लेकिन इस सफर में ट्रैफिक जाम और प्रदुषण एक बड़ी चुनौती बन चुका है. अब फर्राटे भरती नमो भारत ट्रेन के संचालन से लोगों को इन परेशानियों से राहत पहुंचेगी और उनका सफर आरामदायक हो जाएगा.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे पर नया नियम, अचानक लेन बदलते ही कटेगा चालान

बावल की डगर होगी आसान

दूसरा 92 किलोमीटर लंबा RRTS कॉरिडोर दिल्ली से वाया गुरुग्राम, मानेसर, MBIR से होते हुए रेवाड़ी के बावल इंडस्ट्रियल एरिया तक जाएगा. यह कॉरिडोर दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट को भी RRTS नेटवर्क से कनेक्ट करेगा. इस रूट पर नमो भारत ट्रेन चलने पर दिल्ली से बावल की दूरी मात्र एक घंटे में पूरी होगी.

दिल्ली सहित गुरुग्राम और मानेसर से बड़ी संख्या में लोग बावल इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित औद्योगिक इकाइयों में काम के लिए आवागमन करते हैं. ऐसे में नमो भारत ट्रेन इन लोगों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में एक तेज गति का विकल्प प्रदान करेगी जिससे उनका सफर आरामदायक और कम समय में तय हो सकेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.