नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में देश की पहली क्षेत्रीय नमो भारत ट्रेन अब दिल्ली से मेरठ तक 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर संचालित होने को तैयार हैं. फिलहाल यह ट्रेन दिल्ली के अशोक नगर से मेरठ दक्षिण तक 55 किलोमीटर लंबे हिस्से पर दौड़ रही है और इस दौरान 11 स्टेशनों पर ठहराव करती है.
कॉरिडोर के अपरिचालित खंड में दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच 4.5 किलोमीटर का हिस्सा एवं मेरठ में मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम के बीच लगभग 23 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है. कॉरिडोर के इस हिस्से पर फिनिशिंग कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है. ट्रायल भी सफलतापूर्वक हो चुका है. ट्रायल रन वाले खंड के कुछ हिस्से में सुरक्षा निरीक्षण भी पूर्ण हो गए हैं और बाकी हिस्से में निरंतर चल रहे हैं.
सराय काले खां पहला स्टेशन
दिल्ली- गाजियाबाद- मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन का पहला स्टेशन सराय काले खां रहेगा. इस स्टेशन को हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से जोड़ने के लिए 280 मीटर लंबे फुट ओवरब्रिज (FOB) का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 6 स्वचालित ट्रैवेलेटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
मेरठ दक्षिण स्टेशन से आगे शताब्दी नगर, बेगमपुल व मोदीपुरम तीन नमो भारत स्टेशन है. शताब्दी नगर स्टेशन पर नमो भारत और मेट्रो दोनों की सेवाएं मिलेगी. NCRTC के एक अधिकारी ने बताया कि कॉरिडोर और स्टेशन लगभग तैयार हो चुके हैं. अब केवल मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त से एनओसी मिलने व केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने का इंतजार हो रहा है. इसी महीने के लास्ट में 82 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर नमो भारत ट्रेन के संचालन की उम्मीद है, जिसके बाद मेरठ से दिल्ली की दूरी मात्र 1 घंटे में पूरा हो सकेगी.
