नई दिल्ली | राजस्थान के सीकर जिले में मौजूद खाटूश्याम जी का मंदिर देश के सबसे पूजनीय धार्मिक स्थलों में शामिल है. लाखों भक्त हर साल बाबा श्याम के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और उन्हें सुगम दर्शन देने के लिए, मंदिर कमेटी ने हाल ही में जरूरी घोषणा की है.
प्रत्येक सप्ताह 7 घंटे बंद रहेंगे मंदिर के कपाट
खाटूश्यामजी मंदिर के पट अब शनिवार देर रात 10 बजे से रविवार सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे. इस दौरान भक्त बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर पाएंगे. इसको लेकर श्रीश्याम मंदिर कमेटी ने सूचना जारी की है. श्रीश्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पुरानी परंपराओं को बनाए रखने और मंदिर की व्यवस्था को लेकर यह फैसला लिया गया है.
उन्होंने बताया कि मंदिर में भक्तों की भीड़ को व्यवस्थित करना और मंदिर परिसर में कार्यरत कर्मचारियों को आराम देने के उद्देश्य से यह निर्णय किया है. श्रीश्याम मंदिर कमेटी ने भक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में दर्शन करने नहीं आएं. यह कदम मंदिर की व्यवस्थित कार्यप्रणाली को बनाए रखने और भक्तों की सुविधा को प्राथमिकता देने के लिए उठाया गया है.
कैसे पहुंचें खाटूश्याम धाम
यदि आप ट्रेन से खाटूश्याम मंदिर आ रहें तो यहां सबसे नजदीक रींगस जंक्शन हैं, जो लगभग 17 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. यहां से आपको खाटूश्याम मंदिर के लिए आराम से ऑटो- टैक्सी मिल जाएगी और मात्र 30 मिनट में आप खाटूश्याम पहुंच जायेंगे. खाटू श्याम सड़क मार्ग से भी अच्छे से जुड़ा हुआ है.
जयपुर से खाटू श्याम की दूरी लगभग 80 किमी है और कार या बस से 2 घंटे में पहुंचा जा सकता है. दिल्ली से लगभग 270 किमी की दूरी है, जहां से सीधी बसें और टैक्सी की सुविधा भी उपलब्ध है.
