नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सफ़र करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां यात्रियों को दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) में सफर के दौरान मेट्रो की तर्ज पर नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के जरिए डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलेगी.
कैशलैस सफर से यात्रा होगी आसान
डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलने पर यात्रियों को खुले पैसे रखने की समस्या से निजात मिलेगी. वहीं, खुले पैसों को लेकर कंडक्टर से होने वाले विवाद पर अंकुश लगेगा. यात्रियों को बस में सफर के दौरान अपने NCMC कार्ड को इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) से टैप करना होगा और उनका किराया सीधे कट जाएगा. यह बहुत ही सरल प्रक्रिया होगी.
10 फीसदी की होगी बचत
NCMC कार्ड से टिकट खरीदने पर यात्रियों को बस किराए में 10% छूट का लाभ मिलेगा. डिजिटल भुगतान से दिल्ली पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम आधुनिक बनेगा, जिसका सीधा फायदा यात्रियों को मिलेगा. पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर राजघाट और हसनपुर डिपो की बसों में इसे लागू किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं. इससे उत्साहित DTC प्रशासन अब जल्द ही इसे दिल्ली की सभी बसों में लागू करने की तैयारी कर रहा है.
चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
DTC द्वारा यात्रियों को इस नई सुविधा के बारे में जागरूक करने के लिए बसों में डिस्प्ले बोर्ड व अनाउंसमेंट के जरिए जानकारी दी जाएगी. जल्द ही सीटों के पास स्टिकर और विज्ञापन लगाए जाएंगे, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस डिजिटल टिकटिंग सिस्टम को अपनाएं. दिल्ली ट्रांसपोर्ट के इस कदम से निश्चित तौर पर यात्रियों की सुविधा में इजाफा होगा.
