नई दिल्ली | PM किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त का इंतजार कर रहे लाखों लोगों के लिए काम की खबर सामने आ रही है. मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, यह दावा किया जा रहा है कि आने वाले दिनों में पीएम किसान निधि की 20वीं किस्त जारी की जा सकती है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस योजना की 19वीं किस्त को जारी किया गया था, जिसके तहत 2.4 करोड़ महिला लाभार्थियों सहित 9.8 करोड़ से ज्यादा किसानों को सीधे तौर पर फायदा मिला था. इससे पहले अक्टूबर 2024 में 18वीं किस्त और जून 2024 में 17वीं किस्त जारी की गई थी.
हर 4 महीने में मिलती है राशि
इस योजना के तहत, पात्र किसानों के खाते में हर चार महीने में ₹2000 की 3 बराबर किस्तों में सालाना ₹6000 वितरित किए जाते हैं. यह राशि डायरेक्ट लाभार्थियों के खाते में भेजी जाती है. 24 फरवरी 2020 को पीएम किसान योजना मोबाइल ऐप की शुरुआत हुई थी. सरकार द्वारा किसानों तक सीधी पहुंच बनाने के उद्देश्य से इस ऐप को विकसित किया गया था.
2023 में इसे एक एक्स्ट्रा फेस ऑथेंटिकेशन फीचर के साथ पेश किया गया था. इस ऐप की सहायता से दूरदराज के किसान बिना ओटीपी या फिंगरप्रिंट के अपना चेहरा स्कैन करके इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.
मोबाइल ऐप से मिल रही कई सुविधाएं
इस पोर्टल के तहत, मोबाइल ऐप सेफ रजिस्ट्रेशन, लाभ स्थिति ट्रैकिंग, फेस रिकॉग्निशन आधारित ई- केवाईसी सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं. जो किसान दूरस्थ इलाकों में रहते हैं वह अपना चेहरा स्कैन करके ई- केवाईसी की प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं. किसान हित की सुविधा को देखते हुए 5 लाख से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर को इस योजना के दायरे में लाया गया है.
दूसरी तरफ डाक विभाग पीएम किसान योजना से लाभान्वित होने वाले किसानों के लिए आधार के साथ मोबाइल नंबर को जोड़ने और अपडेट करने की सुविधा भी प्रदान करता है.
