नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत हरियाणा और पंजाब के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. इन राज्यों के लोगों को जल्द ही सार्वजनिक परिवहन के रूप में तीव्र गति का एक और अतिरिक्त विकल्प मिलने जा रहा है. बता दें कि केंद्र सरकार दिल्ली- अमृतसर के बीच बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को पहले ही मंजूरी दे चुकी है.
मालामाल होंगे किसान
दिल्ली- अमृतसर बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए हरियाणा और पंजाब के 321 गांवों में जमीन अधिग्रहित की जाएगी. ऐसा कहा जा रहा है कि जिन किसानों की जमीन इस प्रोजेक्ट के लिए अधिग्रहित की जाएगी, उन्हें मार्केट रेट से 5 गुणा ज्यादा मुआवजा राशि मिलेगी. यह प्रोजेक्ट तीन राज्यों के बीच सफर आसान बनाने की दिशा में सरकार की बड़ी पहल साबित होगी.
2 घंटे में पूरा होगा सफर
दिल्ली- अमृतसर बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के धरातल पर अमलीजामा पहनने के बाद दिल्ली से हरियाणा और अमृतसर के बीच आवागमन बेहद सुपरफास्ट हो जाएगा. दिल्ली से अमृतसर की दूरी मात्र 2 घंटे में पूरी हो सकेगी. इस प्रोजेक्ट पर 61 हजार करोड़ रुपए की अनुमानित लागत राशि खर्च होने का अनुमान जताया गया है. केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिखाकर बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के निर्माण में आ रही अड़चनों को दूर कर दिया है.
इन जगहों से गुजरेगी बुलेट ट्रेन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली से अमृतसर के बीच सफर करने वाली बुलेट ट्रेन बहादुरगढ़, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरूक्षेत्र, अंबाला कैंट, चंडीगढ़, लुधियाना और जालंधर से होकर गुजरेगी. बताया जा रहा है कि इस ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 350 किलोमीटर प्रति घंटा और न्यूनतम रफ्तार 250 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी. इस ट्रेन में एक बार में 750 यात्री सफर कर सकेंगे.
