नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में नई सरकार के गठन के बाद अब यमुना की सफाई का काम तेज हो गया है. NCR प्लानिंग बोर्ड इसके लिए अपनी तैयारियों में जुट गया है. बोर्ड की तरफ से यमुना में वाटर टैक्सी चलाए जाने की योजना पर काम हो रहा है. जो राज्य एनसीआर क्षेत्र में आते हैं, उनके सचिवों के साथ मीटिंग में यह प्रस्ताव रखा गया है. दिल्ली से नोएडा तक चलने वाले इस वाटर टैक्सी से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
टैक्सी स्टेशन और रूट का हुआ चुनाव
एनसीआर प्लानिंग बोर्ड ने इन वॉटर टैक्सी के लिए टैक्सी स्टेशन बनाए जाने की जगह और रूट का चुनाव कर लिया है. इनका रूट मदनपुर खादर से लेकर आईटीओ की तरफ होगा. मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा के फिल्म सिटी, दिल्ली के निजामुद्दीन, दिल्ली के मदनपुर खादर और आईटीओ तक वाटर टैक्सी के लिए स्टेशन बनाए जाएंगे. इसके लिए अंतर्देशीय जल परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है.
इसमें रूट व स्टेशन आदि की जानकारी दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार, एक टैक्सी 20 से 25 सवारियों को लेकर एक जगह से दूसरी जगह पर चलेगी. इनसे दिल्ली में जल परिवहन और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
करवाया जाएगा सर्वे
एनसीआर प्लानिंग और एनसीआर राज्यों के सचिवों के साथ बैठक हुई, जिसके बाद एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि यमुना में वाटर टैक्सी चलाई जाने पर चर्चा की गई है. इसके लिए 1 से 1.2 मी पानी के लेवल की आवश्यकता पड़ेगी. इसके अलावा, यमुना पर रिवर फ्रंट भी बनवाया जाएगा. दिल्ली से नोएडा तक के यमुना के पानी का सर्वे करवाया जाएगा. इसके लिए दिल्ली सरकार से बातचीत की जा रही है.
