नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. प्रदुषण के स्तर में कमी आने पर ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियों को हटा दिया गया है. हालांकि, GRAP के पहले और दूसरे चरण की पाबंदियों से अभी लोगों को जूझना होगा. बता दें कि प्रदुषण का स्तर बढ़ने पर कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने बीते शुक्रवार को ही दिल्ली और एनसीआर के इलाके में GRAP- 3 को लागू करने का फैसला लिया था.
बारिश के चलते आया सुधार
पिछले महीने दिल्ली- एनसीआर क्षेत्र में बारिश होने के बाद एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में सुधार हुआ है. हवा की गुणवत्ता में सुधार होने के बाद पहले GRAP- 4 की पाबंदियां हटाई गई थी. रविवार को यहां औसत AQI शाम 4 बजे 339 और शाम 5 बजे 335 दर्ज किया गया है और CAQM का मानना है कि इसमें और सुधार देखने को मिलेगा.
इन पाबंदियों से मिली मुक्ति
- दिल्ली- NCR में निर्माण कार्यों पर लगी रोक हट गई है.
- दिल्ली- NCR में कक्षा 5वीं तक के स्कूल हाईब्रिड मोड में संचालित होंगे, जबकि पहले कक्षा 8वीं तक चलाने के प्रावधान थे.
- BS- 4 या पुराने मध्यम आकार वाले एमजीवी वाहनों का संचालन हो सकेगा.
- दिल्ली के बाहर रजिस्टर्ड BS- 4 या डीजल के कमर्शियल वाहनों पर लगी रोक हट गई है.
- आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति वाले वाहनों पर लगी रोक हटी.
