नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है. हैदरपुर गांव में रेजांगला शहीद पवित्र रज कलश यात्रा पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि स्थानीय पहचान स्पष्ट करने और यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए तीन मेट्रो स्टेशनों के नाम में बदलाव किया गया है.

दिल्ली सरकार ने बदले मेट्रो स्टेशन के नाम
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन की नई पहचान अब मधुबन चौक के नाम से होगी. वहीं, निर्माणाधीन प्रशांत विहार मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर उत्तरी पीतमपुरा/ प्रशांत विहार रख दिया गया है, जबकि हैदरपुर बादली मोड़ स्टेशन का नया नाम अब हैदरपुर गांव रखा गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नाम बदलने का उद्देश्य सिर्फ नाम बदलना नहीं, बल्कि यात्रियों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखना है. इससे स्थानीय पहचान स्पष्ट होगी और यात्रियों के लिए स्टेशन लोकेशन को आसान बनेगी. वहीं, इलाके की पारंपरिक और सामाजिक पहचान को सम्मान मिलेगा और यात्रियों की बढ़ती संख्या के हिसाब से मेट्रो नेटवर्क को सहज बनाने में मदद मिलेगी.
बलिदानियों को श्रद्धा सुमन किए अर्पित
रेजांगला शहीद पवित्र रज कलश यात्रा के हैदरपुर पहुंचने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए. इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह पवित्र यात्रा पूरे भारत देश को प्रथम की भावना में पिरोने वाला एक सशक्त संदेश है. हैदरपुर गांव की यह धरती आज खुद को सौभाग्यशाली मान रही है कि वीर शहीदों की पवित्र स्मृति यहां पहुंची है.