नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली की महिलाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आ रही है. दरअसल, लाखों महिलाएं काफी दिनों से इस इंतजार में हैं कि कब सरकार उनके खाते में ₹2500 भेजना शुरू करेगी. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनावों से पहले यह वादा किया था कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो गरीब महिलाओं के खाते में हर महीने ₹2500 की राशि भेजी जाएगी. अब जबकि दिल्ली में सत्ता परिवर्तन हो चुका है तो महिलाएं यह जानना चाहती हैं कि उनके खाते में यह राशि कब से आनी शुरू होगी.
रेखा गुप्ता ने दिया जवाब
राजधानी में नई सरकार अपने 100 दिन का कार्यकाल पूरा कर चुकी है. अब लोगों ने जब इस योजना को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से सीधा सवाल पूछा, तो उन्होंने जवाब दिया कि यह कोई एक दिन की योजना नहीं, बल्कि हर महिला की जिंदगी बदलने वाला मिशन है. इसमें थोड़ा समय लगेगा, लेकिन किसी को भी वंचित नहीं रखा जाएगा.
इस योजना को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं. आप नेता सौरभ भारद्वाज ने सरकार के 100 दिनों के कार्यकाल को अधूरे वादों का दौर बताया. उन्होंने कहा कि सरकार ने जो ₹2500 हर महीने देने का वादा किया था, वह अब कहां है?
100 दिन की रिपोर्ट में जिक्र
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को अपने 100 दिन के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा. उन्होंने ‘काम करने वाली सरकार: 100 दिन सेवा के’ नाम की वर्कबुक जारी करते हुए बताया कि महिला समृद्धि योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है. हम किसी भी पात्र महिला को इस योजना से वंचित नहीं रहने देना चाहते. इसलिए हर पहलू पर सावधानीपूर्वक विचार किया जा रहा है.
योजना लागू करने में नहीं होगी जल्दबाजी
फरवरी में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वादा किया था कि गरीब परिवार की महिलाओं को हर महीने ₹2500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. इसके लिए सरकार द्वारा 5,100 करोड़ रुपये का बजट भी निर्धारित किया गया है. मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि यह योजना केवल चुनावी लॉलीपॉप नहीं है. यह कोई शॉर्ट टर्म स्कीम भी नहीं है. हम इस योजना को लागू करने को लेकर जल्दबाजी नहीं करेंगे. हमारा उद्देश्य है कि यह योजना सही लोगों तक और सही तरीके से पहुंचे.
