32 घंटे में कोलकाता पहुंचाएगी गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जानिए पूरा रूट

नई दिल्ली | हिमाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. ऊना जिले के अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से कोलकाता के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो गई है. रेलवे ने इस रूट पर गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12325/ 12326) का संचालन शुरू किया है, जिससे हिमाचल के लाखों यात्रियों को पूर्वी भारत तक बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. नई ट्रेन सेवा का उद्घाटन हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग कोलकाता और पूर्वी भारत के अन्य राज्यों के लिए सीधी रेल सेवा की मांग कर रहे थे.

Train Railways

रेलवे अधिकारियों के अनुसार गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार सुबह 6:10 बजे अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और करीब 32 घंटे का सफर तय कर कोलकाता पहुंचेगी. वहीं वापसी में यह ट्रेन हर गुरुवार सुबह 7:40 बजे कोलकाता से चलेगी और अगले दिन शाम 4:55 बजे अंब अंदौरा पहुंचेगी.

समस्या होगी दूर

यह सुपरफास्ट ट्रेन देश के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेगी. इसके प्रमुख ठहरावों में आसनसोल, पटना जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद और सहारनपुर शामिल हैं. नई रेल सेवा का सबसे अधिक लाभ हिमाचल प्रदेश के ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा और आसपास के जिलों के लोगों को मिलेगा. अब उन्हें कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य क्षेत्रों में जाने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों या दूसरे साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

यह भी पढ़े -  पेट्रोल- डीजल के बाद अब LPG गैस सिलेंडर हुआ महंगा, फटाफट चेक करें नई कीमतें

इन्हें मिलेगा फायदा

रेलवे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, बड़ी संख्या में छात्र, व्यापारी और पर्यटक इस रूट का उपयोग करते हैं. ऐसे में सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से काफी राहत मिलेगी. उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि भविष्य में अंबाला और चंडीगढ़ से चलने वाली कुछ महत्वपूर्ण ट्रेन सेवाओं को भी ऊना से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में रेल नेटवर्क को मजबूत करने और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले सालों में प्रदेश में रेल सुविधाओं का और विस्तार होगा जिससे लोगों की यात्रा पहले से अधिक आसान और सुगम बन सकेगी.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.