नई दिल्ली | देश में अब टोल प्लाजा पर रुकने और लंबी कतारों में लगने का झंझट खत्म होने वाला है. बता दें कि गुजरात के सूरत के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर देश का पहला बैरियरलेस टोल प्लाजा शुरू हो गया है, जहां वाहन बिना रुके ही गुजर सकेंगे. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 1 मई 2026 को इस आधुनिक मल्टी- लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग सिस्टम का शुभारंभ किया. यह सिस्टम सूरत- भरूच मार्ग पर स्थित चोर्यासी टोल प्लाजा पर लागू किया गया है.

बिना रुकेगा कटेगा टोल
बैरियर- फ्री टोलिंग मल्टी- लेन फ्री फ्लो टेक्नोलॉजी पर आधारित है. यह गाड़ियों को बिना रुके टोल पॉइंट से गुजरने की सुविधा देती है. पहले जहां टोल प्लाजा पर फिजिकल बैरियर होते है. वहीं, यह सिस्टम सेंसर और कैमरों से लैस ओवरहेड फ्रेम का इस्तेमाल करता है ताकि गाड़ियों की अपने- आप पहचान हो सके. हाईवे पर लगे हाई- स्पीड कैमरे और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक वाहन की पहचान कर सीधे FASTag या लिंक्ड खाते से टोल शुल्क काट लेगी.
जल्द होगी पूरे देश में लागू
बैरियर लेस टोलिंग सिस्टम लागू होने से वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने या लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे यात्रा अधिक तेज और सुगम हो जाएगी. इससे समय की बचत के साथ- साथ ईंधन की खपत भी कम होगी, क्योंकि वाहनों को बार- बार रुकना और चलना नहीं पड़ेगा.
ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और प्रदूषण स्तर भी घटेगा. सरकार का लक्ष्य इस तकनीक को पूरे देश में लागू करने का है. माना जा रहा है कि 2026 के अंत तक भारत के अधिकतर राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैरियरलेस टोलिंग सिस्टम शुरू हो सकता है.