नई दिल्ली | रेलयात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. इस साल देश की व्यस्त रेलवे लाइनों पर भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने 100 अमृत भारत ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई है. रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025- 26 के आम बजट में रेलवे को 2,52,000 करोड़ रूपए आवंटित हुए हैं. बजट में बुनियादी ढांचे को रफ्तार देने के साथ- साथ आमजन के लिए 100 अमृत भारत ट्रेनें संचालित करने का प्रस्ताव है.
21,600 करोड़ रूपए का प्रावधान
उन्होंने बताया कि इसके लिए 2400 जनरल- स्लीपर कोच का निर्माण किया जा रहा है. रेलवे ने इसके लिए 21,600 करोड़ रूपए की बजट राशि का प्रावधान किया है. इन ट्रेनों में 13- 14 स्लीपर कोच और लगभग 10 जनरल डिब्बे होंगे. इस लिहाज से एक ट्रेन में लगभग साढ़े 3 हजार के करीब लोग यात्रा कर सकेंगे.
रेलवे में यात्री क्षमता विस्तार से आम जनता को लाभ पहुंचेगा. अमृत भारत ट्रेन में एसएलआर कोच में गार्ड, लगेज एवं दिव्यांगों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. इन ट्रेनों में पेंट्रीकार भी होगी, जिससे यात्रियों को ताजा भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी.
रफ्तार राजधानी के बराबर पर किराया कम
पुल- पुश तकनीक से लैस केसरिया रंग की अमृत भारत ट्रेन 130 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ने में सक्षम हैं. यानि आम जनता की ट्रेन राजधानी- शताब्दी, वंदे भारत जैसी मेल- एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह तेज रफ्तार से सफर पूरा करेगी. हालांकि, किराया राजधानी- शताब्दी से कम होगा. ट्रेनों में जनरल श्रेणी के कोच की सीट में भी गद्दे लगे हुए हैं.
दिल्ली से इन राज्यों के बीच करेगी सफर
दिल्ली से अमृत भारत ट्रेनों का संचालन उत्तर प्रदेश, बिहार, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, गुजरात, पंजाब जैसे राज्यों के बड़े व औद्योगिक शहरों के बीच किया जाएगा. सामान्य व स्लीपर कोच वाली इन ट्रेनों को कामगारों, श्रमिकों व मजदूरों को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जाएगा ताकि इन लोगों को सुविधाजनक सफर की सुविधा मिल सके.
