नई दिल्ली | इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) की तरफ से स्टूडेंट्स को कई प्रकार के कोर्सेज और डिग्री ऑफर की जाती है. विद्यार्थी घर बैठे यहां से डिग्री कर सकते हैं. इसी के साथ इग्नू एक नया कोर्स शुरू करने जा रहा है. बता दें कि इग्नू विश्व प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट और पद्मश्री सम्मानित सुदर्शन पटनायक के साथ मिलकर ऑनलाइन सैंड आर्ट कोर्स को शुरू कर रहा है.
इग्नू लाया सैंड आर्ट से जुड़े 2 नए कोर्स
हमारे देश में ऐसा पहली बार है जब इस प्रकार का कोई कोर्स शुरू हो रहा है. सबसे खास बात यह है कि ये कोर्स केंद्र सरकार के SWAYAM डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म पर फ्री में उपलब्ध होगा. इग्नू की तरफ से सैंड आर्ट्स से जुड़े दो कोर्स ऑफर किये जा रहें है, जिनके नाम ‘Introduction to Sand Art’ और ‘Principles & Formats of Sand Art’ है. इग्नू ने दोनों ही कोर्स को इस प्रकार से डिजाइन किया है कि थ्योरी और प्रैक्टिकल, दोनों तरीके से छात्रों को पढ़ाई करवाई जा सके.
कोर्स पूरा करने के बाद मिलेगा सर्टिफिकेट
इस कोर्स की अवधि 12 सप्ताह है. इस कोर्स को पूरा करने के बाद छात्रों को सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा. हालांकि, सर्टिफिकेट केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगा जो इंटर्नल और एक्सटर्नल असेस्टमेंट पूरा कर पाएंगे. इस कोर्स के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2025 निर्धारित की गई है. ऐसे में जो भी इस कोर्स में एडमिशन लेना चाहते हैं उन्हें 15 सितंबर 2025 तक आवेदन करना होगा.
अलग पहचान बनाएगा हमारा देश
स्टूडेंट्स onlinecourses.swayam2.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. इग्नू की कुलपति ने इस अवसर पर कहा कि यह कोर्स नई शिक्षा नीति 2020 के तहत पेश किया गया है. इस कोर्स को लाने का लक्ष्य भारतीय कला और संस्कृति को शिक्षा और स्किल से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि यह रचनात्मकता को डिजिटल कोर्सेज से जोड़ने की एक कोशिश है. इग्नू की कुलपति का कहना है कि यह भारत में शुरू किया जाने वाला पहला कोर्स है. इसके कारण हमारा देश विश्व स्तर पर एक अलग पहचान बनाएगा.
