नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र से भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या जाने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यदि आप भी अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना चाहते हैं, तो IRCTC आपके लिए एक शानदार टूर पैकेज लेकर आया है. इस पैकेज में आप वंदे भारत ट्रेन के जरिए दिल्ली से अयोध्या पहुंचेंगे.
IRCTC अयोध्या राम मंदिर टूर पैकेज
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अयोध्या राम मंदिर टूर पैकेज की जानकारी दी गई है जिसमें IRCTC ने बताया है कि नई दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल से वंदे भारत ट्रेन के जरिए यह यात्रा शुरू होगी. ट्रेन में यात्रियों को चेयर कार (CC) कोच में सफर करने को मिलेगा. इसमें 1 रात और 2 दिन शामिल हैं. इस पैकेज में यात्रियों को सरयू घाट, राम मंदिर, हनुमान गढ़ी और कनक भवन जैसे जगहों के दर्शन कराएं जाएंगे. इस पैकेज में खाना- पीना और ठहरने की व्यवस्था भी शामिल रहेगी.
प्रति व्यक्ति इतना रहेगा किराया
IRCTC के इस टूर पैकेज की बात करें तो प्रति व्यक्ति किराए की शुरुआत 9,510 रुपए से होगी. ट्रिपल ऑक्यूपेंसी पर प्रति व्यक्ति किराया 9,510 रुपये है. डबल ऑक्यूपेंसी पर प्रति व्यक्ति किराया 11,040 रुपये है. सिंगल ऑक्यूपेंसी पर प्रति व्यक्ति किराया 16,020 रुपये है.
यह ट्रेन हर शुक्रवार और शनिवार को रवाना होगी. अयोध्या के इस टूर पैकेज की विस्तृत जानकारी हासिल करने के लिए आप IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट irctctourism.com पर विजिट कर सकते हैं.
