चंडीगढ़ | सेना में भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. ITI पास युवाओं को इंडियन आर्मी में अग्निवीर योजना के तहत भर्ती होने में एक्स्ट्रा नंबरों का लाभ मिलेगा. सेना भर्ती में एक्स्ट्रा नंबर प्रदान करने का मापदंड स्टूडेंट्स द्वारा आईटीआई से किए गए कोर्स पर निर्भर करेगा.
एक्स्ट्रा नंबरों का मापदंड
अग्निपथ योजना के तहत, भर्ती किए जा रहे अग्निवीर की मेरिट सूची में आईटीआई से किए गए कोर्सों के 20 से लेकर 40 अंक प्रदान किए जा रहे हैं. जोकि किसी भी युवा के चयन में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. अगर किसी दसवीं पास विद्यार्थी ने आईटीआई से दो वर्ष का कोर्स किया है तो उस विद्यार्थी को अग्निवीर मेरिट सूची में 20 अंक अतिरिक्त प्रदान किए जाएंगे.
इसी प्रकार कोई बारहवीं पास विद्यार्थी आईटीआई से एक वर्षीय कोर्स करता है तो उसको अग्निवीर मेरिट सूची में 30 अंक अतिरिक्त दिए जाते हैं. अगर कोई 12वीं पास विद्यार्थी आईटीआई से 2 वर्षीय कोर्स करता है, तो उसको मेरिट सूची में पूरे 40 अंक अतिरिक्त दिए जाते हैं.
कक्षा 12वीं करने का मिलेगा मौका
जो छात्र कक्षा 10वीं के बाद आईटीआई का 2 साल का कोर्स करते हैं, उनको हरियाणा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली बारहवीं की परीक्षा का हिंदी या इंग्लिश का पेपर पास करने पर 12वीं पास के समकक्ष सर्टिफिकेट दिया जाता है. इसी प्रकार जिस छात्र ने 10वीं के बाद एक वर्षीय कोर्स किया है. ऐसे छात्रों को एक साल का प्रशिक्षुता प्रमाण पत्र को शामिल करते हुए हरियाणा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा का हिंदी या इंग्लिश विषय की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर भी 12वीं पास के समकक्ष सर्टिफिकेट दिया जाता है.
