नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के खेल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. द्वारका सेक्टर- 24 स्थित देश के सबसे लंबे 18- होल चैम्पियनशिप गोल्फ कोर्स की आजीवन सदस्यता के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू हो गई है. उपराज्यपाल के निर्देश के बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने पहली बार लाइफटाइम मेंबरशिप की सुविधा शुरू की है. इससे पहले यहां केवल 3 और 5 वर्ष की अवधि के लिए सदस्यता दी जाती थी.

डीडीए ने सदस्यता के लिए कुल 850 सीटें निर्धारित की हैं. इनमें 250 सीटें सरकारी श्रेणी और 600 सीटें गैर-सरकारी श्रेणी के लिए आरक्षित हैं. आजीवन सदस्यता के लिए सरकारी श्रेणी के आवेदकों को 3.50 लाख रुपये और गैर- सरकारी श्रेणी के आवेदकों को 7.50 लाख रुपये शुल्क देना होगा.
विकल्प उपलब्ध
जो लोग सीमित अवधि की सदस्यता लेना चाहते हैं उनके लिए भी विकल्प उपलब्ध है. 3 साल की सदस्यता का शुल्क सरकारी श्रेणी के लिए 1.20 लाख रुपये और गैर- सरकारी श्रेणी के लिए 2.50 लाख रुपये रखा गया है. वहीं, 5 साल की सदस्यता के लिए सरकारी श्रेणी के आवेदकों को 1.80 लाख रुपये और गैर- सरकारी श्रेणी के आवेदकों को 4.50 लाख रुपये जमा करने होंगे. डीडीए के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन दो महीने तक स्वीकार किए जाएंगे.
आवेदन के साथ 2,500 रुपये का नॉन- रिफंडेबल प्रोसेसिंग शुल्क देना होगा. प्रत्येक व्यक्ति केवल एक ही आवेदन कर सकेगा. यदि निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो पात्र आवेदकों का चयन लकी ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा. चयनित आवेदकों को 30 दिनों के भीतर सदस्यता शुल्क जमा करना होगा.
2024 में शुरू
द्वारका सेक्टर- 24 स्थित यह गोल्फ कोर्स 2024 में शुरू किया गया था. करीब 158 एकड़ में फैला यह परिसर 7,377 गज लंबे 18- होल चैम्पियनशिप गोल्फ कोर्स के लिए जाना जाता है. यहां 52 बे वाली 375 गज लंबी ड्राइविंग रेंज भी है, जिसे देश की सबसे लंबी ड्राइविंग रेंज माना जाता है. इसके फेयरवे में पहली बार भारत में नॉर्थ शोर एसएलटी घास का उपयोग किया गया है. गोल्फ कोर्स में खिलाड़ियों और सदस्यों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. यहां रेस्टोरेंट, स्विमिंग पूल, सॉना, स्टीम रूम, टेक स्टूडियो, कॉन्फ्रेंस हॉल और उपकरण फिटमेंट स्टूडियो जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. परिसर में गोल्फ अकादमी भी विकसित की जा रही है.