नई दिल्ली | अगस्त महीने की पहली तारीख चौतरफा महंगाई से जूझ रहे लोगों के लिए राहत लेकर आई है. अच्छी खबर सामने आई है कि सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम भारवर्ग वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कटौती कर दी है. नई दरें आज से लागू हो गई है. इससे कमर्शियल गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को कुछ हद तक राहत पहुंचेगी.
सस्ता हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर
1 अगस्त यानी आज से कमर्शियल गैस सिलेंडर 35 रुपए तक सस्ता हो गया है. इस कटौती के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम भारवर्ग वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमत 1631.50 रुपए हो गई है. हालांकि 14.2 किलोग्राम भारवर्ग वाले एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत ज्यों कि त्यों बनी हुई है. घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं को अभी राहत का इंतजार है.
देश के महानगरों में नई कीमतें
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की बात करें तो यहां कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 1,582.50 रुपये हो गई है जबकि पहले 1616 रुपए में मिल रहा था.
कोलकाता में कमर्शियल गैस सिलेंडर का नया रेट 1734 रुपए हो गया है जबकि पहले कीमत 1769 रुपए थी.
चेन्नई में भी 1 अगस्त से कमर्शियल सिलेंडर की नई कीमत 1,790 रुपये हो गई है जबकि जुलाई महीने में यह 1,823.50 रुपये थी.
होटल रेस्टोरेंट में खाना खाना सस्ता होने की उम्मीद
कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट घटने से रेस्टोरेंट्स और ढाबों में इस्तेमाल होने वाली गैस थोड़ी सस्ती हुई है, जिससे उम्मीद की जा सकती है कि खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी थोड़ी राहत मिलेगी.
