नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सबसे आधुनिक कही जाने वाली प्रगति मैदान टनल को सबसे बड़ी कमजोरी से छुटकारा दिलाने की योजना बनाई गई है. दिल्ली लोक निर्माण विभाग (PWD) ने प्रगति मैदान टनल को जलभराव और लीकेज से छुटकारा दिलाने के लिए 4 करोड़ का टेंडर जारी किया है. बता दें कि प्रगति मैदान टनल में जलभराव और पानी लीकेज की समस्या को देखते हुए विभाग ने यह निर्णय लिया है ताकि भविष्य में मानसून में इस समस्या से राहत मिल सके.
दिल्ली की आधुनिक टनल
PWD अधिकारी ने बताया कि इस काम के लिए एक्सपर्ट टीम चुनी जाएगी जो ग्राउटिंग का काम अच्छे तरीके से करेगी ताकि दोबारा लीकेज व जलभराव न हो.
टनल की छतों, साइड की दीवारों और लीकेज वाली जगहों को पहचान करके उन्हें दोबारा से रिपेयर किया जाएगा. इसके लिए प्रेशर ग्राउटिंग, केमिकल इंजेक्शन एवं वाटरप्रूफ मेम्ब्रेन का इस्तेमाल किया जाएगा. टनल के अंदर के हिस्सों के लिए ड्रेनेज सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि अंदर से सफाई एवं रिपेयरिंग अच्छे तरीके से हो सके. डीवॉटरिंग सिस्टम को ठीक करके पानी की निकासी आसान की जाएगी.
ट्रैफिक पर होगा विशेष ध्यान
यह टनल दिल्ली के सेंट्रल इलाके में मौजूद है, जहां से हजारों वाहनों का आवागमन रहता. इसीलिए यहां चरणबद्ध तरीके से काम पूरा किया जाएगा ताकि ट्रैफिक संचालन प्रभावित ना हो. इसके अलावा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे. विभाग द्वारा टनल के काम की निरंतर जांच की जाएगी, जिससे बारिश का पानी यहां इकट्ठा ना हो और टनल सुरक्षित रहे.
